आगरा के शमसाबाद में रिश्वतखोरी पर विजिलेंस का शिकंजा, जेई और निविदाकर्मी रंगे हाथों पकड़े गए
आगरा के शमसाबाद में सतर्कता अधिष्ठान ने विद्युत उपखंड के अवर अभियंता और निविदाकर्मी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते ...और पढ़ें

विजिलेंस टीम की गिरफ्त में रिश्चत लेते पकड़े गए आरोपी।
जागरण संवाददाता, आगरा। जनपद के फतेहाबाद खंड के अंतर्गत कार्यालय विद्युत उपखंड शमसाबाद में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) आगरा की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता (जेई) विनेश यादव और निविदाकर्मी लोकेन्द्र सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शमसाबाद निवासी शिकायतकर्ता अर्जुन ने अपने नए मकान पर विद्युत कनेक्शन के लिए 24 अक्टूबर 2026 को आवेदन किया था। कनेक्शन से पहले स्थल निरीक्षण करने आए कर्मचारियों ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जेई विनेश यादव से मिलने की सलाह दी थी। जब शिकायतकर्ता ने जेई से संपर्क किया, तो उनके द्वारा नया कनेक्शन पास करने के एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर से की। गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और सोमवार के तय योजना के तहत दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान आगरा में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर राजकुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डरे तुरंत संपर्क करें।