विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ही चिता पर हुआ दंपती की दाह संस्कार, आगरा में ISBT पर कंटेनर ने रौंद दिए थे पति-पत्नी; दो मौत के बाद भी नहीं बदला हाल

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 11 Jul 2026 07:05 PM (IST)

आगरा के आईएसबीटी कट पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले दंपती का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। यह ब्लैक स्पॉट अवैध बसों और मेट्रो कार्य के कारण संकरा हो गया है, लेकिन दो मौतों के बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आया।

आईएसबीटी पर हुई दुर्घटना में मृतक पति-पत्नी का फाइल फोटो।

आईएसबीटी पर हुई दुर्घटना में मृतक पति-पत्नी का फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, आगरा। जानलेवा घोषित हो चुके आगरा के आईएसबीटी कट के पास हुए हादसे में जान गंवाने वाले दंपती के शवों का अंतिम संस्कार शनिवार को गांव में यमुना किनारे स्थित श्मशान घाट पर हुआ। अंत्येष्टि के लिए एक ही चिता बनाई गई। शनिवार को शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। इधर एक साथ दो मौत होने के बाद भी इस ब्लैक स्पॉट पर ट्रैफिक व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आया है।

सिकंदरा के गांव नगला छीतर निवासी बाइक सवार 41 वर्षीय अजय सिंह सिकरवार तथा 38 वर्षीय पत्नी पूजा देवी को शुक्रवार शाम 6:40 बजे आईएसबीटी कट के पास हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया था। कंटेनर दंपती को बाइक सहित 40 मीटर तक घसीटते हुए ले गया था। हादसे में दोनों की मृत्यु हो गई थी।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शव घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। अजय के वृद्ध पिता केदार सिंह व 15 वर्षीय बेटी साक्षी और 12 वर्षीय बेटी राधिका बेसुध हो गईं। किसी तरह ग्रामीण व रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। दोपहर 3:30 बजे गांव में यमुना किनारे स्थित श्मशान घाट पर एक चिता बनाकर दंपती के शव का अंतिम संस्कार किया गया।

इंस्पेक्टर हरीपर्वत कुलदीप सिंह ने बताया कि कंटेनर चालक प्रदीप कुमार निवासी नगला परमसुख, कागारौल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बेटियों की परवरिश की सता रही चिंता

हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां को छीन लिया। अजय के रिश्ते के भतीजे लाल सिंह ने बताया कि केदार सिंह के अजय के अलावा दो और बेटे थे, जिनकी कई वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। हादसे में अजय और उनकी पत्नी पूजा देवी की मृत्यु होने से परिवार में दो बेटियां साक्षी और राधिका के अलावा 85 वर्षीय पिता केदार सिंह रह गए हैं। ग्रामीणों और रिश्तेदारों को बेटियों की परवरिश की चिंता सता रही है।

सड़क घेरकर ही खड़ी रहीं बसें

इस दर्दनाक हादसे के पीछे वजह यहां अवैध रूप से खड़ी होने वाली रोडवेज बसों को माना जा रहा है। बसों के जगह घेर लेने और मेट्रो के निर्माण कार्य के चलते इस स्थान पर सड़क संकरी हो जाती है। दो मौत होने के बाद भी इस ब्लैक स्पॉट पर अगले दिन शनिवार को कोई अंतर नजर नहीं आया।

रोडवेज बसें सुबह से ही सड़कें घेरकर खड़ी थीं। आईएसबीटी परिसर के अंदर जाने की बजाय, बाहर से ही यात्री बैठाए जा रहे थे। ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की ड्यूटी जरूर लगी थी। लेकिन वे भी बेबस से दिख रहे थे। कुछ बसों को हांका भी पर एक बस जाने के बाद दूसरी आकर खड़ी हो गई। हारकर ट्रैफिककर्मी भी किनारे पर जाकर खड़े हो गए। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।