आगरा में इनर रिंग रोड पर मिट्टी के ढेर पर चढ़ी यात्रियों से भरी बस, 14 घायल
आगरा इनर रिंग रोड पर शनिवार तड़के दिल्ली से प्रयागराज जा रही एक बस मिट्टी के ढेर पर चढ़कर हादसे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। थाना एकता क्षेत्र में आगरा इनर रिंग रोड पर शनिवार तड़के यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से प्रयागराज जा रही बस रास्ता बंद करने के लिए सड़क पर डाले गए मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई। हादसे में 14 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
शनिवार सुबह करीब चार बजे बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर प्रयागराज जा रही थी। आगरा इनर रिंग रोड पर रास्ता बंद करने के लिए मिट्टी के ढेर डाले गए थे। इसी दौरान चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एंबुलेंस की मदद से सभी 14 घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घायलों में देवेंद्र यादव, लक्ष्मी, विकास, रिंकू, नीतेश, आरब, विनोद, दिनेश और विवेक कुमार निवासी प्रयागराज समेत 14 यात्री शामिल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।