आगरा: ईदगाह और अर्जुन नगर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, चार पहिया और कॉमर्शियल वाहनों की नो-एंट्री
आगरा यातायात पुलिस ने 17 नवंबर को अर्जुन नगर और बारहखम्भा रेलवे फाटक के बीच सड़क निर्माण के कारण विशेष ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने और सड़क निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने 17 नवंबर (मंगलवार) के लिए विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है।
अर्जुन नगर तिराहा से बारहखम्भा रेलवे फाटक के मध्य होने वाले सड़क निर्माण कार्य के दृष्टिगत खेरिया चौराहा से ईदगाह चौराहा के बीच यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान खेरिया चौराहा से अर्जुन नगर की ओर, रुई की मंडी से डबल फाटक की ओर और ईदगाह चौराहा से नगला छउआ होते हुए अर्जुन नगर की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी व मध्यम कॉमर्शियल वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त, इन मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है।
वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग
असुविधा से बचने के लिए पुलिस ने दो प्रमुख वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं:
- खेरिया से ईदगाह की ओर: खेरिया चौराहा से अर्जुन नगर होकर ईदगाह चौराहा जाने वाले सभी कॉमर्शियल, तीन पहिया और चार पहिया वाहन अब खेरिया चौराहा से मलपुरा नहर चौराहा, रोहता चौराहा, मधुनगर चौराहा, अल्लाहबख्श चौराहा, क्लब चौराहा (अवंतीबाई लोधी चौराहा) और सुल्तानपुरा चौराहा होते हुए ईदगाह चौराहा की ओर जा सकेंगे।
- ईदगाह से खेरिया की ओर: ईदगाह चौराहा से अर्जुन नगर होकर खेरिया चौराहा जाने वाले वाहन ईदगाह चौराहा से सुल्तानपुरा चौराहा, क्लब चौराहा (अवंतीबाई लोधी चौराहा), अल्लाहबख्श चौराहा, थाना सदर, मधुनगर चौराहा, रोहता चौराहा और मलपुरा चौराहा से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी, एम्बुलेंस को रास्ता देने की अपील
आगरा यातायात पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें।
किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, पुलिस ने सभी वाहन चालकों से संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क पर एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने और तुरंत रास्ता खाली करने का अनुरोध किया है।