आगरा में हुंडई औरा ने होंडा सिटी में मारी टक्कर, पिता की मौत; FIR दर्ज
आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र में तेज रफ्तार हुंडई औरा कार ने होंडा सिटी को टक्कर मार दी, जिससे अनिल कुमार ...और पढ़ें

HighLights
आगरा में हुंडई औरा ने होंडा सिटी को जोरदार टक्कर मारी।
हादसे में अनिल कुमार गुप्ता की दुखद मौत, कई घायल हुए।
जागरण संवाददाता, आगरा। हरीपर्वत क्षेत्र में मोती लाल नेहरू रोड पर भगवान हॉस्पिटल के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार हुंडई औरा कार ने होंडा सिटी में टक्कर मार दी। हादसे में होंडा सिटी सवार अनिल कुमार गुप्ता की मौत हो गई। उनके बेटे श्वेतांक गुप्ता सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्वेतांक गुप्ता का एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, विजय नगर निवासी श्वेतांक गुप्ता सोमवार नौ नवंबर की रात करीब 11:55 बजे होंडा सिटी कार संख्या यूपी80बीवी0133 से परिवार के साथ खाना खाकर घर लौट रहे थे।
कार में उनके पिता अनिल कुमार गुप्ता, पत्नी श्रद्धा गुप्ता, बहन प्रियंका रेतला गुप्ता, बहनोई रितेश रेतला गुप्ता, भांजी शिक्षा रेतला गुप्ता और पुत्र अयान गुप्ता सवार थे। परिवार भगवान हॉस्पिटल के सामने मोती लाल नेहरू रोड पर पहुंचा। तभी यूपी80जीसी1018 नंबर की हुंडई औरा कार ने उनकी होंडा सिटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार परिवार के लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। शिकायत में श्वेतांक गुप्ता सहित परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की बात कही गई है। श्वेतांक को गंभीर चोटें आई हैं। उनका एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार चल रहा है।
10 नवंबर को दर्ज हुई एफआईआर
श्वेतांक गुप्ता ने हरिपर्वत थाने में घटना की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को सुबह 3:28 बजे एफआईआर संख्या 0365 दर्ज की। घटना का समय 9 नवंबर की रात 11:55 बजे दर्ज है। घटनास्थल हरिपर्वत थाने से उत्तर दिशा में करीब तीन किलोमीटर दूर भगवान हॉस्पिटल, विजय नगर के सामने बताया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 281, 106(1), 125(ए) और 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमित कुमार यादव को सौंपी गई है। एफआईआर में दुर्घटना करने वाली कार का नंबर यूपी80जीसी1018 और उसका मॉडल हुंडई औरा दर्ज है। चालक का नाम एफआईआर में दर्ज नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।