स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में ताजनगरी ने चढ़े कई पायदान, जानें क्या रहा परिणाम
स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 के परिणाम में आगरा नगर निगम रहा 85 नंबर पर। विगत वर्ष सर्वेक्षण में देश में मिला था 102 वां नंबर।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के बाशिंदों के लिए खुश होने और सबक लेने का वक्त है। थोड़ा सा प्रयास कर आगरा नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम में कई पायदान ऊपर चढ़ गया है। जी हां, बुधवार को घोषित हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 परिणाम में आगरा नगर निगम देश में 85 वें नंबर पर आया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में आगरा देश में 102 नंबर पर रहा था। वहीं प्रदेश में पिछली बार आगरा पांचवें नंबर पर था। इस बार भी पांचवें नंबर पर ही है। इस बार आगरा को स्टार रेटिंग में द्वितीय स्थान मिला है।
विगत परिणाम को देखते हुए इस बार परिणाम आगरा के लोगों को खुश करने वाला है। मेयर नवीन जैन का कहना है कि शहरवासियों के सहयोग से थोड़ा सा प्रयास किया गया और परिणाम में सुधार हुआ। यदि शहर को स्वच्छ रखने में पुरजोर प्रयास किये जाएं तो रेंकिंग में लंबी छलांग आगरा लगा सकता है।
बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम पर नगर निगम की ग्रांट टिकी हुई थी। निगम प्रशासन ने फोर स्टार रेटिंग का दावा किया था। जबकि इस स्टार रेटिंग में द्वितीय स्थान ही मिल पाया। पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने बताया कि सिटीजन फीडबैक और एप डाउनलोडिंग में आगरा देश में दूसरे स्थान पर रहा था। 2.98 लाख लोगों ने फीडबैक दिया। पहले स्थान पर लखनऊ रहा। लोगों की संख्या 3.22 लाख है। जनवरी के पहले सप्ताह में सर्वे हुआ था।
अब तक हुए स्वच्छता सर्वेक्षण
- वर्ष 2016 में देश के 75 शहरों में हुए सर्वे में आगरा 45वें स्थान पर रहा था
- वर्ष 2017 में देश के 420 शहरों में हुए सर्वे में आगरा 263वें स्थान पर रहा।
- वर्ष 2018 में देश के चार हजार शहरों में हुए सर्वे में आगरा 102 नंबर पर रहा था।
- वर्ष 2019 में देश के सभी शहर शामिल हुए। जनवरी के पहले सप्ताह में सर्वे हुआ।
ये है स्टार रैंकिंग
सेवन स्टार, 1000 अंक
फाइव स्टार, 800 अंक
फोर स्टार, 600 अंक
थ्री स्टार, 500 अंक
टू स्टार, 350 अंक
वन स्टार, 200 अंक