विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में किसानों ने संभाला मोर्चा, कमिश्नरी के सामने गद्दों पर सोये; फतेहाबाद रोड पर लंबा जाम

By Vidhyaram Narwar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 26 Nov 2026 09:13 PM (IST)

आगरा में किसानों ने कमिश्नरी में प्रवेश न मिलने पर माॅल रोड पर धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने 72 घंटे के अनशन की घोषणा करते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन अनिश्चितकालीन हो सकता है।

आगरा में फतेहाबाद रोड पर कमिश्नर कार्यालय को घेरे बैठे किसान।

आगरा में फतेहाबाद रोड पर कमिश्नर कार्यालय को घेरे बैठे किसान।

HighLights

  1. कमिश्नरी में प्रवेश न मिलने पर किसानों ने माल रोड जाम किया।

  2. किसानों ने 72 घंटे के अनशन की घोषणा की, अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी।

  3. राकेश टिकैत ने प्रतिनिधि भेजा, जरूरत पड़ने पर शामिल होने का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, आगरा। ''आप हमें कमिश्नरी में नहीं घुसने देंगे तो हम कमिश्नर को भी अंदर नहीं घुसने देंगे। इसके लिए चाहे जो कीमत चुकानी पड़े।'' यह एलान करते हुए किसान शुक्रवार शाम माल रोड पर धरने पर बैठ गए। कमिश्नरी में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सड़क की एक लेन पर कब्जा जमा लिया और वहीं लंगर शुरू कर दिया।

किसानों ने 72 घंटे तक अनशन जारी रखने का एलान किया है। चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन अनिश्चितकालीन भी किया जा सकता है। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ कमिश्नरी पहुंचने की घोषणा से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली बार्डर पर हुए किसान आंदोलन की वर्षगांठ मनाने और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने कमिश्नरी पर कार्यक्रम तय किया था। इसके तहत गुरुवार रात कमिश्नरी पर रात्रि प्रवास और शुक्रवार को ज्ञापन देने की योजना थी। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के घर पहुंचकर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया।

इसके बावजूद किसान अपने कार्यक्रम पर अडिग रहे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अलग-अलग रास्तों से किसान कमिश्नरी के गेट पर पहुंच गए। कमिश्नरी के बाहर पहले से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने किसानों को अंदर जाने से रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर कमिश्नरी के गेट पर ताला डाल दिया गया।

इससे किसानों का आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने माॅल रोड की एक लेन पर धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर ही खाने-पीने का इंतजाम किया जाने लगा और किसानों ने लंगर शुरू कर दिया।

किसानों ने साफ कहा कि जब तक कमिश्नरी में प्रवेश नहीं मिलेगा और उनका ज्ञापन नहीं लिया जाएगा, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि किसानों को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन का यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 72 घंटे तक अनशन चलेगा। जरूरत पड़ी तो इसे अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।

जरूरत पड़ी तो आंदोलन में पहुंचेंगे राकेश टिकैत

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा को मौके पर भेजा है। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता ने जरूरत पड़ने पर खुद भी आंदोलन में पहुंचने का आश्वासन दिया है। किसानों ने सड़क पर ही खाना बनाने और खाने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सुबह ट्रैक्टरों के साथ कमिश्नरी पहुंचेंगे किसान

किसानों ने शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ कमिश्नरी पहुंचने का एलान किया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सुबह कमिश्नरी के बाहर किसानों की बड़ी संख्या दिखाई देगी। जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, किसान वहीं डटे रहेंगे। दूसरी ओर, माल रोड की एक लेन पर किसानों के धरने से यातायात प्रभावित हो रहा है।

ऐसे में सुबह किसानों के प्रस्तावित जमावड़े को देखते हुए प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने की चुनौती होगी।

प्रशासन टकराव चाहता है

प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा का कहना है कि प्रशासन टकराव चाह रहा है। हम तो वर्षगांठ मनाने पहुंचे थे। हमें धरने के लिए प्रशासन ने मजबूर किया है। मंडल अध्यक्ष मालती यादव का कहना है कि प्रशासन मनमानी कर रहा है।

बड़ी संख्या में रातभर जमे रहे किसान

मंडल भर के किसान रात में भी डटे रहे। बोरिया बिस्तर लेकर सड़क पर ही सोए। इसके पहले केशर डालकर दूध पीया।कहा कि प्रशासन को जो मंजूर है, वह उन्हें भी मंजूर है, लेकिन किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।