शादी से 30 तोले सोने का कड़ा पार, आगरा में पूर्व MLA के नाती की तलाशी; भीड़ ने की पिटाई
आगरा में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे का 30 तोले का सोने का कड़ा चोरी हो गया। चोरी का आरोप पूर्व विधायक के पौत्र पर लगा, जिसे भीड़ ने पकड़कर कड़ा बरामद किया और उसकी पिटाई भी की।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में शुक्रवार रात शादी समारोह के दौरान दूल्हे का 30 तोले का सोने का कड़ा (कंगन) चोरी हो गया। कड़ा चोरी करने का आरोप आगरा के एक पूर्व विधायक के पौत्र पर लगा। लोगों ने उसे पकड़कर तलाशी लेने का प्रयास किया तो उसने विरोध शुरू कर दिया। इस पर लोगों ने जबरन उसकी तलाशी ली। आरोप है कि उसकी जेब से दूल्हे का कड़ा बरामद हो गया।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था। दूल्हा और उसके स्वजन समारोह में व्यस्त थे। इसी दौरान दूल्हे का करीब 30 तोले का सोने का कड़ा गायब हो गया। कड़ा की तलाश शुरू हुई तो समारोह में मौजूद लोगों को एक युवक पर शक हुआ। युवक आगरा के पूर्व विधायक का पौत्र है।
लोगों ने उससे कड़ा के बारे में पूछताछ की और तलाशी देने के लिए कहा, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। उसके विरोध करने पर वहां मौजूद लोगों को शक और गहरा गया। इसके बाद कुछ लोगों ने जबरन उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से कड़ा मिल गया। कड़ा बरामद होते ही समारोह में मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने युवक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और उसे मैरिज होम से बाहर निकाला। घटना के बाद समारोह में काफी देर तक इसकी चर्चा होती रही। पूर्व विधायक के परिवार से जुड़े युवक का नाम सामने आने के कारण मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कड़ा बरामद होने के बाद इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है।