आगरा में होगी चुनावी पाठशाला, 12 जिलों के डीएम होंगे शामिल; विधानसभा इलेक्शन की तैयारी
आगरा में 6 नवंबर को 12 जिलों के डीएम के साथ चुनावी पाठशाला आयोजित होगी। इसमें विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, ...और पढ़ें

आगरा कलक्ट्रेट।
जागरण संवाददाता, आगरा। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज हो गई है। मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर किया जा रहा है। नए मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है। तैयारियों को परखने के लिए आगरा में छह नवंबर को चुनावी पाठशाला होगी। इसमें आगरा, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, फिरोजाबाद सहित 12 जिलों के डीएम शामिल होंगे।
पांच घंटे तक चलने वाली इस बैठक में भारत निर्वाचन और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने चुनावी पाठशाला की तैयारी शुरू कर दी है। उच्च बैठक का स्थल फाइनल किया जा रहा है।
नवंबर माह में मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान शुरू हो रहा है। एक अक्टूबर 2027 को 18 साल के हो रहे युवा भी मतदाता बन सकते हैं। मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाया जा रहा है। जिले में 2.90 लाख मतदाताओं को नए फोटोयुक्त पहचान पत्र दिए जा रहे हैं। 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान भी चल चुके हैं। निर्वाचन आयोग विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर किस तरीके की तैयारी चल रही है। इसे परखने जा रहा है।
खासकर इसकी शुरुआत मतदाता सूची से हो रही है। इसी के चलते छह नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। पांच घंटे तक चलने वाली बैठक में दो चरण होंगे। पहले चरण में मतदाता सूची को लेकर चर्चा की जाएगी और दूसरे चरण में प्रशासनिक कार्यों के बारे में जानकारी ली जाएगी।
इस अहम बैठक में आधा दर्जन से अधिक उच्च अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के स्थल का चयन किया जा रहा है। शुक्रवार को अधिकारियों की टीम ने दो से तीन स्थलों का निरीक्षण भी किया। जल्द ही स्थल फाइनल किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि छह नवंबर को चुनाव संबंधी बैठक होगी। इसमें 12 जिलों के अधिकारी शामिल होंगे।