अब पोस्ट ऑफिस भी दिखेंगे Gen Z की तरह कूल, अंदर जाकर आएगा अलग फील
आगरा के दयालबाग में शहर का पहला जेन-जी पोस्ट ऑफिस तैयार हो रहा है, जो युवाओं को आकर्षित करने के ...और पढ़ें

दयालबाग में तैयार कराया जा रहा पोस्ट ऑफिस।
HighLights
दयालबाग में बन रहा शहर का पहला जेन-जी पोस्ट ऑफिस।
कैंटीन, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, आगरा। डाकघर की पारंपरिक पहचान को बदलकर युवाओं की पसंद के मुताबिक नया रूप देने की तैयारी है। शहर का पहला जेन-जी पोस्ट आफिस दयालबाग स्थित डाकघर में बनाया जा रहा है। इसके लिए चल रहा काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग की ओर से 14 नवंबर से पहले सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
यहां डाकघर को केवल डाक सेवाओं तक सीमित न रखते हुए युवाओं के लिए सुविधाजनक और आकर्षक स्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। जेन-जी पोस्ट आफिस में कैंटीन, लाइब्रेरी, बैठक और गेमिंग जोन को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही दीवारों को भी आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि परिसर का माहौल युवाओं को पसंद आए।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पोस्ट ऑफिस के आसपास पौधे भी लगाए जाएंगे। वहीं, गर्मी और सर्दी दोनों मौसम में लोगों की सुविधा के लिए पूरे पोस्ट ऑफिस में वातानुकूलन की व्यवस्था की जाएगी। इससे परिसर में आने वाले लोगों को गर्मी में ठंडी और सर्दी में गर्म हवा मिलेगी।
सहायक निदेशक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जेन-जी पोस्ट आफिस का काम 14 नवंबर से पहले पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि युवाओं को डाकघर में सेवाओं के साथ बैठने, पढ़ने और आपस में मिलने-जुलने के लिए भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।