यमुना पांटून पुल पर संभलकर करें सफर, पोइया घाट पर दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा
दयालबाग-खंदौली मार्ग पर पोइया घाट पर नवनिर्मित पैंटून पुल पर लोहे की चादरों में खामियों और रेत जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा है। लोक निर्माण विभाग ने 13.87 लाख की लागत से बने इस पुल की कमियों को जल्द सुधारने का आश्वासन दिया है।

पोइया घाट पांटून पुल पर डाली गईं चकर्ड प्लेट्स पर आई रेत के चलते फिसलने का डर है।
HighLights
पोइया घाट पैंटून पुल पर लोहे की चादरें असमतल।
रेत जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा।
जागरण संवाददाता, आगरा। दयालबाग से खंदौली और खंदौली से दयालबाग की ओर आवागमन करने वाले लोगों की यात्रा सुगम हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने यमुना के पोइया घाट पर 13.87 लाख रुपये की लागत से पैंटून पुल का निर्माण कराया। पुल से 11 नवंबर से वाहनों का गुजरना शुरू हुआ, लेकिन जिम्मेदारों ने पुल बनाते समय कई ऐसी कमियां छोड़ दी हैं जो अब राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई हैं।
पुल और खंदौली जाने वाले मार्ग को बिना समतल किए ही उस पर लोहे की चादर (चकर्ड प्लेट) बिछा दी गई है। इसके ऊंचा-नीचा होने के कारण सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। चकर्ड प्लेट को सही से नहीं लगाया गया है और चादरों के बीच में काफी गैप छोड़ दिया गया है।
लोगों का कहना है कि चादर के ऊपर रेत जमा होने की वजह से आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। गुरुवार दोपहर दो बजे दैनिक जागरण संवाददाता ने पोइया घाट पहुंचकर लोगों से बातचीत की और स्थिति को जांचा तो सच्चाई सामने आई। देखा कि जमीन को समतल किए बिना ही चकर्ड प्लेट बिछा दी गई हैं, इसकी वजह से प्लेट ऊंची-नीची हो गई है।
देखा कि प्लेट पर यमुना की रेत जमा है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना की आशंका रहती है। पोइया घाट निवासी हरी सिंह ने बताया कि सुबह से शाम तक दर्जनों बाइक चालक फिसल कर गिर जाते हैं। पुल पर ट्रैफिक कर्मी के नहीं होने की वजह से लंबा जाम लग जाता है। अधिकारियों को पुल व आसपास स्ट्रीट लगानी चाहिए थी, जिससे शाम को वाहन चालकों को कोई दिक्कत न हो।
राहगीर कर्मवीर ने बताया कि रात के समय में भारी वाहन गुजरते हैं, इसकी वजह से जल्दी ही पैंटून पुल खराब का जाएगा। धूल मिट्टी उड़ने के कारण लोगों को सांस संबंधी भी बीमारी हो सकती है।
टीम को भेजकर पुल का निरीक्षण कराया जाएगा और कमियों को जल्द सुधार होगा।
- गजेंद्र वार्ष्णेय, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।