आगरा में अवैध टेलीकाॅम एक्सचेंज का पर्दाफाश, साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी दबोचे
आगरा में साइबर क्राइम पुलिस ने अवैध टेलीकॉम एक्सचेंज का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ...और पढ़ें

आवास विकास कॉलोनी के सत्यम प्लाजा में पकड़ा गया अवैध टेलीकॉम एक्सचेंज।
जागरण संवाददाता, आगरा। ठगों का गिरोह अवैध टेलीकाम एक्सचेंच संचालित कर रहा था। छह माह से संचालित हो रहे इस एक्सचेंज में अवैध सिम बाक्स सेटअप के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय और धोखाधड़ी वाली काल्स को लोकल काॅल्स में बदला जा रहा था। इसके साथ ही ऋण वसूली की आड़ में लोगों को काॅल पर धमकाकर वसूली कर रहे थे।
दूरसंचार विभाग और नेशनल क्राइम रिपाेर्ट पोर्टल (एनसीआरपी) से जानकारी मिलने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस और एसओजी ने बुधवार देर रात सिकंदरा क्षेत्र के आवास विकास कालोनी स्थित सत्यम प्लाजा में छापा मारकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम आमिर सैफी निवासी नसीराबाद कालोनी मऊ रोड खंदारी और मनीष कुमार निवासी गगाैरी अलीगढ़ हैं। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि सत्यम प्लाजा में लगभग छह महीने पहले वीवी इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म खोली थी। उनके पास विभिन्न कंपनियों की ऋृण वसूली के लिए काॅल करने का कार्य था। वह निजी कंपनियाें से ऋण लेकर नहीं चुकाने वालों को काॅल करते थे।
ऋृण लेने वाले द्वारा सिम नंबर को ब्लाक करने पर वह दूसरी सिम से काॅल लगा देते थे। लोगों के सगे संबंधियों के नंबर हासिल करके ऋृण नहीं चुकाने पर धमकी देते थे। जबकि एक ही व्यक्ति द्वारा चार से अधिक सिम नंबर लेने पर दूर संचार विभाग से अनुंमति लेनी होती है।
आरोपितों ने बताया कि इसके लिए वह चीन से आयातित सिम बाक्स का उपयोग करते थे। एक बाक्स में 32 सिम तक लग जाते हैं। सिम को कंप्यूटर से आपरेट करके काॅल की जाती है। ऋृण चुकाने की काॅल की आड़ में वह लोगों को धमकी वसूली करने का प्रयास किया।
डीसीपी साइबर क्राइम ने बताया कि कुछ लोगों ने इसकी शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्ट पोर्टल और दूर संचार विभाग से की थी। जिसके बाद साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। जिन सिम नंबर से धमकी भरी काल की जा रही थीं, उन सभी की लोकेशन सत्यम प्लाजा में एक ही स्थान पर आ रही थी।
दूरसंचार विभाग और साइबर क्राइम थाने की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मौके से आठ सिम बाक्स, 221 सिम, 96 रेडियो एंटीना, पांच लैपटाप बरामद किए हैं। डीसीपी ने बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सिम कार्ड वास्तविक स्रोतों और इन सिम बाक्स के माध्यम से की गई कुल काल की जांच की जा रही है।
