वाहन चोरों का नया तरीका, गैंग के साथ रखते हैं एक महिला, आगरा में पकड़ा गिरोह
वाहन चोराें ने नया तरीका निकाला है। साथ में एक महिला को रखते हैं ताकि पुलिस या अन्य किसी को शक न हो। आगरा में गैंग के तीन सदस्य पुलिस ने दबोचे तो ये राज सामने आया। इनके साथ एक महिला भी पकड़ी गई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। वाहन चोर भी नए हथकंडे अपना रहे हैं। गैंग के साथ महिला भी चल रही हैं, ताकि लोग इन्हें एक फैमिली की तरह समझें और वाहन चोरी करते समय शक न हो। न्यू आगरा पुलिस ने बुधवार को खंदारी के पास सर्विस रोड से चेकिंग के दौरान तीन वाहन चोरों को दबोच लिया। उनसे तीन बाइक व एक स्कूटी बरामद की है।शातिर महिला के साथ वाहन चोरी करते थे। जिससे कि पुलिस या अन्य उन पर शक न करे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के नाम प्रेम सिंह और भागीरथ मूल निवासी बधाया गंगाधर थाना फरह मथुरा एवं हाल निवासी केके नगर सिकंदरा और भागीरथ जादौन उर्फ राजकुमार निवासी गढी रामपाल शमसाबाद हैं। पुलिस ने दोनों से दो बाइक बरामद कीं।
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उनका साथी राजेश निवासी अछनेरा राजेश चोरी की एक बाइक व स्कूटी के साथ करबला के मैदान में उनका इंतजार कर रहा है। पुलिस ने आरोपित राजेश को भी दबोच लिया। आरोपितों ने पुलिस को बताया उनके साथ चंचल नाम की एक महिला भी रहती है। जिससे पुलिस उन पर शक नहीं करती।
आगरा में तैनात सीओ के घर मेरठ में चोरी
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की पाश कालोनी एटूजेड में बदमाशों ने सीओ राजीव सिरोही के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। राजीव सिरोही वर्तमान में आगरा में सीओ अछनेरा हैं। वर्तमान में उन्होंने अपना घर आयकर अधिकारी को किराए पर दे रखा है। सीओ की पत्नी अर्चना सिंह ने बताया कि उनके किराएदार ने पिछले तीन दिन से अपने घर गाजियाबाद गए हुए थे। बुधवार की सुबह कालोनी के लोगों ने घर के ताले टूटे देखे। इसकी जानकारी मकान मालिकों और किराएादरों को दी।
फैक्ट्री की छत पर युवक ने की खुदकुशी
सिकंदरा के फैक्ट्री एरिया में बुधवार की सुबह फैक्ट्री परिसर में युवक ने खुदकुशी कर ली। वह दो सप्ताह पहले फैक्ट्री में काम करने वाले भाई के पास इलाज के लिए आया था।
सिकंदरा फैक्ट्री एरिया में पालिकेम इंडिया लिमिटेड में नेपाल का रहने वाला लाल बहादुर काम करता है। दो सप्ताह पहले उसका भाई कविराज अपना इलाज कराने के लिए आया था। वह क्षय रोग से पीड़ित था। बुधवार की सुबह फैक्ट्री की छत पर बने कमरे में उसका शव रस्सी से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को लाल बहादुर ने बताया कि भाई बीमारी से परेशान था।
राज्य कर अधिकारी से टप्पेबाजी
एत्माद्द़ौला के फाउंड्री नगर में टप्पेबाजों ने राज्य कर अधिकारी को निशाना बना लिया। उनकी कार में रखा लैपटाप लेकर भाग गए। सिकंदरा आवास विकास कालोनी में रहने वाले अजय दुबे हाथरस में राज्य कर विभाग में तैनात हैं। मंगलवार को वह अपने चालक के साथ हाथरस आ रहे थे।
फाउंड्री नगर पुलिस चौकी के पास बाइक सवार दो लोगों ने उनसे कहा कि कार से धुंआ निकल रहा है। जिस पर वह कार साइड में लगाने के बाद उतरकर बोनट खोलकर देखने लगे। बोनट पर काला तेल पडा हुआ था। गाड़ी से धुंआ निकलने के साथ ही बदबू आ रही थी। इतने में बाइक सवार दोनों शातिर कार में बैग में रखा लैपटाप व अन्य सामान लेकर भाग गए। मामले में अधिकारी ने एत्माद्दौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।