Agra Crime News: नवमी पर आगरा में सुबह सुबह दो देवी मूर्ति खंडित, तनाव की स्थिति; 30 साल पुराना है मंदिर
Agra Crime News आगरा में 30 वर्ष पुराने देवी मंदिर में सुबह- सुबह शरारती तत्वों ने मूर्ति खंडित की क्षेत्र में तनाव। धनाैली के नगला शंकरलाल का घटनाक्रम। रात में माता की भेंटें चली थीं। दूसरी घटना ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र में शंकर ग्रीन अपार्टमेंट की।
आगरा, जागरण संवाददाता। Situation Tensed in Agra: आगरा के पास मलपुरा के धनौली क्षेत्र में एक देवी मंदिर में मंगलवार सुबह शरारती तत्वों ने मूर्ति खंडित कर दी। पूजा करने लोग मंदिर में पहुंचे तब इसकी जानकारी हुई। इसके बाद तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास कर रही है।
नगला शंकरलाल का है मामला
धनौली के नगला शंकरलाल में दुर्गा देवी की मूर्ति स्थापित है। मंदिर तीस वर्ष पुराना बताया जा रहा है। नवरात्र में यहां देर रात तक माता की भेंट गाई जाती हैं और सुबह से ही लोग पूजा करने को आना शुरू हो जाते हैं। मंगलवार सुबह राकेश कुमार, मनोज और अमर पूजा करने मंदिर में पहुंचे तो वहां मूर्ति खंडित मिली। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर में ही मंदिर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दे दी गई। फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
आस्था पर चाेट
श्रद्धालुओं का कहना था कि नवरात्र में उनकी आस्था पर चोट की गई है। आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
शंकर ग्रीन में विक्षिप्त ने मंदिर में देवी मां की मूर्ति क्षतिग्रस्त की
वहीं ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र में मंगलवार को विक्षिप्त की हरकत से सनसनी फैल गई। युवक ने मंदिर में रखी देवी मां की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह वहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त देखा तो उनमें आक्रोश फैल गया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, छानबीन के बाद घटना विक्षिप्त युवक द्वारा करने का पता चला। जिसके बाद श्रद्धालुओं का आक्रोश शांत हुआ।
थाना ताजगंज एकता चौकी क्षेत्र में शंकर ग्रीन अपार्टमेंट के पास सड़क पर चबूतरे पर वर्षों पुराना माता का मंदिर बना था। कुछ लोगो ने माता की मूर्ति को छत से ढक दिया था। सोमवार की रात एक युवक ने माता की मूर्ति ओर छत को उखाड़ कर नाले में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह क्षेत्र के लोग पूजा करने पहुंचे तो वहां का दृश्य देख आक्रोशित हो गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
जानकारी होने पर हिन्दुवादी संगठन और गौ रक्षा विभाग के लोग भी पहुँच गए। सूचना पर चौकी प्रभारी अमित शर्मा पुलिस बल के साथ पहुँच गए।उन्होंने आसपास लोगों से जानकारी की तो पता चला कि एक विक्षिप्त युवक ने उसे क्षतिग्रस्त किया था। जिसके बाद पुलिस ने सामान मंगवा कर कार्य करवाया।