आगरा के खिलाड़ियों की क्रिकेट में धाक, ध्रुव जुरैल...दीप्ति और सान्वी शर्मा को मिलीं बड़ी जिम्मेदारियां
आगरा के पांच खिलाड़ियों को क्रिकेट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं, जिससे शहर में उत्साह का माहौल है। ध्रुव जुरैल ...और पढ़ें

आगरा के खिलाड़ी ध्रुव जुरैल, दीप्ति शर्मा और सान्वी शर्मा।
जागरण संवाददाता, आगरा। क्रिकेट के मैदान पर आगरा के होनहार खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरने को एक बार फिर से तैयार हैं। मंगलवार को शहर के पांच खिलाड़ियों को एक साथ अलग-अलग स्तर पर अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन दिवसीय मल्टी-डे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
वहीं, विश्व स्तरीय आलराउंडर दीप्ति शर्मा को जिंबाब्वे दौरे के लिए वनडे मैचों में महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनाया गया है। सान्वी शर्मा दूसरी बार यूपी की अंडर-19 टीम की कप्तान चुनी गई हैं, जबकि भारती सिंह टीम में सदस्य के रूप में चुनी गई हैं। लकी पाराशर का उत्तराखंड की अंडर-19 टीम में चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से आगरा के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
ध्रुव जुरैल की कप्तानी की खबर मिलते ही उनके कोच परवेंद्र यादव की सदर स्थित अकादमी स्प्रिंगडल में खुशी की लहर दौड़ गई। कोच परवेंद्र यादव ने बताया कि ध्रुव ने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उम्मीद है कि भविष्य में उन्हें सभी फार्मेट में कप्तानी का अवसर मिलेगा। ध्रुव के कप्तान बनने की सूचना मिलते ही अकादमी के खिलाड़ियों ने खुशी जताई। बुधवार को अकादमी में मिठाई का वितरण किया जाएगा।
वहीं दीप्ति शर्मा को वन डे महिला क्रिकेट टीम का उपकप्तान बनाए जाने से उनके परिवार और शहर के क्रिकेट प्रेमियों में भी खुशी है। उनके कोच व भाई सुमित शर्मा ने कहा कि दीप्ति के चयन पर माता-पिता को गर्व है। दीप्ति से प्रेरित होकर कई महिला खिलाड़ी रोजाना मैदान पर अभ्यास करती हैं। दीप्ति लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और उनसे आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
सान्वी शर्मा को दूसरी बार यूपी की अंडर-19 टीम की कप्तानी मिलना भी आगरा के लिए बड़ी उपलब्धि है। भारती सिंह का टीम में चयन शहर की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है। दूसरी ओर लकी पाराशर के उत्तराखंड अंडर-19 टीम में चयन से शहर के युवा क्रिकेटरों में भी खुशी है।
खिलाड़ी दीप्ति शर्मा निरंतर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। स्वजन सहित शहरवासियों व क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
- सुमित शर्मा, दीप्ति शर्मा के कोचध्रुव के कप्तान बनाए जाने की सूचना मिलते ही सभी खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त की। अकादमी में मिठाई का वितरण किया जाएगा।
- परवेंद्र यादव, ध्रुव जुरैल के कोच
