विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस के बरामद हथियार लैब जांच में फेल, हाथरस के 20 साल पुराने अधिवक्ता हत्याकांड में आरोपी बरी

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 27 Nov 2026 08:07 PM (IST)

हाथरस के 20 साल पुराने चर्चित अधिवक्ता प्रताप सिंह हत्याकांड में पुलिस का गुडवर्क फोरेंसिक लैब में फेल हो गया। साक्ष्यों के अभाव और गवाहों के विरोधाभासी बयानों के कारण एडीजे-19 लोकेश कुमार ने चार आरोपियों को बरी कर दिया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। हाथरस में 20 वर्ष पूर्व चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस का गुडवर्क फोरेंसिक लैब में फेल हो गया। पुलिस ने आरोपितों से हथियार बरामद कर अधिवक्ता प्रताप सिंह की हत्या का पर्दाफाश किया था। हत्याकांड में कुख्यात राजेश टोंटा समेत दस लोगों को आरोपित बनाया गया था। लैब की जांच में मौके से बरामद खोखा-कारतूस आरोपितो के हथियारों से चलने की पुष्टि नहीं हुई।

गवाहों के बयानों में गंभीर विरोधाभास और साक्ष्यों के अभाव में एडीजे-19 लोकेश कुमार ने चार आरोपितों शैलेश उर्फ शैलू, संजय, राहुल और प्रतीक को साक्ष्य के अभाव में बरी करने के आदेश दिए। थाना हाथरस जंक्शन में चार सितंबर 2006 को गजेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। वादी ने आरोप लगाया था कि उनका अधिवक्ता पुत्र प्रताप सिंह रोज की तरह सुबह आठ बजे खेतों की तरफ घूमने गया था।

मैना ठाकुरों की मड़ैया के पास अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर वादी और परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रताप सिंह, हिप्पी के घर के सामने मृत पड़े मिले। उसकी कनपटी समेत शरीर पर चार-पांच गोली के निशान थे।

पुलिस ने हत्या के मामले में कुख्यात राजेश उर्फ टोंटा के अलावा शैलेश उर्फ शेलू, संजय, अजय, राहुल उर्फ अरविंद, प्रतीक उर्फ पुष्पेंद्र, गजेंद्र लाला, शीलू, संजू और मिलन को आरोपित बनाया था। पुलिस ने आरोपितों से हथियार बरामदगी दर्शाते हुए घटना का पर्दाफाश किया था।

मृतक प्रताप सिंह कुख्यात राजेश उर्फ टोंटा के भाई की हत्या के मामले में आरोपित था। इसी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर दो जनवरी 2015 को मुकदमा आगरा न्यायालय में स्थानांतरित हुआ था। लगातार गैर हाजिर रहने के कारण राजेश उर्फ टोंटा, अजय, संजू, गजेंद्र लाला, शीलू और मिलन की पत्रावली अलग कर दी गई।

शैलेश उर्फ शेलू, संजय, राहुल उर्फ अरविंद और प्रतीक उर्फ पुष्पेंद्र के खिलाफ विचारण हुआ। मामले में अवधेश कुमार सिंह, अशोक पाल सिंह, जुगेंद्र पाल सिंह, डा. जगवीर सिंह, जयपाल सिंह, लवकुश शर्मा, तत्कालीन थानाध्यक्ष कृपा शंकर और विवेचक रामसूरत सोनकर की गवाही हुई। वादी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

जबकि मृतक के चचेरे भाइयों ने घटना देखने और आरोपितों की पहचान करने की गवाही दी। बचाव पक्ष ने न्यायालय में तर्क दिया कि गवाहों ने जिस स्थान से घटना देखना बताया, नक्शा नजरी के अनुसार वहां से घटना देखना संभव नहीं था।

आरोपितों के वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु कुमार सक्सेना ने पुलिस द्वारा घटनास्थल से बरामद खोखा कारतूस और आरोपितों से बरामद हथियारों की फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट पर न्यायालय का ध्यान आकृष्ट कराया। रिपोर्ट में खोखा कारतूस का आरोपितों से बरामद हथियारों से चलना प्रमाणित नहीं हुआ था।

गवाहों के बयानों में विरोधाभास और विज्ञानिक साक्ष्य आरोपितों के खिलाफ न होने के आधार पर न्यायालय ने शैलेश उर्फ शेलू, संजय, राहुल उर्फ अरविंद और प्रतीक उर्फ पुष्पेंद्र को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।