विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में सिपाही ने सरकारी पिस्टल से की ढाबा संचालक की हत्या, पत्नी ने मुख्यमंत्री से मांगा न्याय

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:26 AM (GMT+05:30)

आगरा में सिपाही जैकी चौधरी ने ढाबा संचालक बीटू लवानिया की 9 एमएम पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, आगरा। प्रयागराज में तैनात सिपाही जैकी चौधरी ने नाइन एमएम की पिस्टल से गोलियां चलाकर ढाबा संचालक की हत्या की थी। हत्याकांड के बाद अपने मित्र को काल करके घर पर भेजा था। मित्र ने मां को प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में बैठाया था। हत्यारोपित सिपाही को तीन दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे ढाबा संचालक बीटू लवानिया के स्वजन में आक्रोश है।

सेवला जाट में शुक्रवार की रात 11 बजे ढाबा संचालक 33 वर्ष के बीटू लवानिया अपने मित्रों देवा और रवि के साथ आटो में बैठकर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए सिपाही जैकी चौधरी ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। बीटू लवानिया के सीने में गोली लगने पर अस्पताल मे भर्ती किया गया, वहां देर रात उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग को चेक किया।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

एसीपी सदर अमीषा ने बताया सीसीटीवी में सिपाही जैकी चौधरी की वीडियो है। वह दो बार घटनास्थल पर आया है। पहले वह आराम से ऑटो में बैठे लोगों से बात करता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद वहां से चला गया, कुछ देर बाद बाइक पर आया। बाइक को सड़क किनारे खड़ी करके ऑटो पर गया और सीधे गोली चला दी। मौके पर दो गोलियां चली थीं। दोनों सिपाही ने चलाईं थीं।

फील्ड यूनिट को घटनास्थल से नाइन एमएम पिस्टल के दो खोखे मिले हैं। यह बोर आम लोगों के लिए प्रतिबंधित है। पुलिस या सेना के पास रहता है, जिससे आशंका है कि सिपाही ने अपनी सरकारी पिस्टल से गोली चलाकर हत्या की।

हत्याकांड के बाद सिपाही जैकी चौधरी ने अपने एक मित्र को काल किया था। मित्र ने उसकी मां कैंट रेलवे स्टेशन से प्रयागराज जाने वाली गाड़ी में बैठाया था। सिपाही मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया।

अपर पुलिस उपायुक्त नगर मनोज कुमार ने बताया कि जैकी चौधरी प्रयागराज में तैनात है। वहां एक अधिकारी का नगर है। वह बिना अवकाश लिए आगरा आया था।

ढाबा संचालक की पत्नी ने वीडियो जारी कर मांगा न्याय

ढाबा संचालक की पत्नी अभिलाषा ने रविवार को वीडियो जारी करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई। जिसमें अभिलाषा कह रहीं हैं कि भरे बाजार में सिपाही जैकी चौधरी ने उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी, वह बेकसूर थे। उन्हें साजिश के तहत मारा गया है। घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है। सरकार बेटी की पढाई का जिम्मेदारी ले। वीडियो में वह अपनी और परिवार की जान को खतरा बता रही हैं। सिपाही को तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं करने पर आक्रोश जताया हैं।

यह भी पढ़ें- आगरा में सिपाही ने किया ऐलान, 20 मिनट बाद ढाबा मालिक की गोली मार कर दी हत्या