आगरा कॉलेज के छात्रों का भड़का गुस्सा, मेट्रो स्टेशन और एमजी रोड पर प्रदर्शन; लग गया लंबा जाम
मेट्रो स्टाफ द्वारा आगरा कॉलेज के शिक्षक से अभद्रता और शिलान्यास पट्टिका तोड़ने के विरोध में छात्रों ने मेट्रो स्टेशन और एमजी रोड पर प्रदर्शन किया। इससे एमजी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद प्राचार्य के समझाने पर छात्र हटे और मेट्रो अधिकारियों ने पट्टिका ठीक कराने का आश्वासन दिया।

आगरा कॉलेज के बाहर शुक्रवार सुबह प्रदर्शन करते छात्रों को समझाते प्राचार्य प्रो. सीके गौतम।
जागरण संवाददाता, आगरा। मेट्रो स्टाफ द्वारा आगरा कॉलेज के शिक्षक से अभद्रता करने के मामले में शुक्रवार सुबह छात्रों का गुस्सा भड़क गया। स्टाफ क्लब के सदस्यों के धरनेे में छात्र भी शामिल हो गए। आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन किया। एमजी रोड पर नारेबाजी की। इस दौरान एमजी रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम के समझाने के बाद छात्र हटे।
आगरा काॅलेज के खेद मैदान में मेट्रो के निर्माण के दौरान गुरुवार को वर्षों पुरानी पूर्व मंत्री विजय सिंह राणा के नाम की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने पर शिक्षक भड़क गए। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने शिक्षक से अभद्रता और गाली गलौज की। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। आगरा काॅलेज स्टाफ क्लब ने शुक्रवार से धरना देने की चेतावनी दी थी।
आगरा काॅलेज के खेल मैदान में मेट्रो स्टेशन का निर्माण चल रहा है। खेल मैदान में अंदर जाने वाले रास्ते पर शिलापट्टिका लगी हुई है। दोपहर 1 .30 मजदूर शिलापट्टिका तोड़ रहे थे। शारीरिक शिक्षा विभाग के डाॅ. नितेश कुमार शर्मा ने शिलापट्टिका तोड़ने का विरोध किया, आरोप है कि उनके साथ कर्मचारियों ने अभद्रता की, गाली गलौज की।
काॅलेज के शिक्षक और कर्मचारी भी पहुंच गए। जमकर हंगामा हुआ, काॅलेज की जमीन की तरफ बनाए गए मेट्रो के गेट को बंद करने की मांग की। खेल मैदान के प्रवेश गेट को तोड़ने के लिए खड़ी बैकहो लोडर की चाबी ले ली। आगरा काॅलेज स्टाफ क्लब के सचिव डाॅ. आनंद प्रताप सिंह ने कार्रवाई ना होने पर शुक्रवार से धरना देने की चेतावनी दे दी थी।
प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि इससे पहले चाहरदीवारी भी तोड़ी जा चुकी है, मेट्रो द्वारा अधिग्रहित की गई जमीन से ज्यादा पर निर्माण कर लिया है। काॅलेज की जमीन का मूल्यांकन 16 करोड़ बताया गया था, इस पर आपत्ति की जा चुकी है। कोई भुगतान भी नहीं हुआ है, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खेल कूद मैदान को ठीक नहीं कराया गया है।
थाना लोहामंडी में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। उत्तर प्रदेश मेट्रो कारपोरेशन के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्रा ने बताया कि शिलापट्टिका को ठीक करा दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।