विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बनेगा नया एंट्री गेट, हजारों रेलवे यात्रियों को मिलेगी राहत

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 10 Nov 2026 09:48 PM (IST)

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर खेरिया मोड़ की तरफ नया प्रवेश द्वार और दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाए जाएंगे। ...और पढ़ें

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन का प्रवेश द्वार।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन का प्रवेश द्वार।

HighLights

  1. खेरिया मोड़ की तरफ नया प्रवेश द्वार बनेगा।

  2. 186 करोड़ रुपये का स्टेशन विस्तारीकरण प्रस्तावित।

जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आप खेरिया मोड़, मलपुरा या फिर जगनेर की तरफ रहते हैं। कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे हैं तो अब आपको मुख्य प्रवेश द्वार नहीं जाना पड़ेगा। खेरिया मोड़ की तरफ स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ)के गोदाम के पास से सीधे प्लेटफार्म नंबर चार /पांच पर पहुंच सकेंगे।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे साढ़े 19 करोड़ रुपये से नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और प्रवेश द्वार का निर्माण कराएगा। एक अन्य नया एफओबी साढ़े 19 करोड़ रुपये से बनेगा। यह एफओबी प्लेटफार्म नंबर एक से पांच को सीधे जोड़ेगा। वहीं 186 करोड़ रुपये से स्टेशन का विस्तारीकरण प्रस्तावित है। इसका प्रस्ताव उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन को भेज दिया है।

कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1904 में हुआ था। छह प्लेटफार्म वाले इस स्टेशन से हर दिन 25 हजार यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में एक ही मुख्य प्रवेश द्वार है। लंबे समय से खेरिया मोड़ की तरफ दूसरे नए प्रवेश द्वार की मांग चल रही है जो अब पूरी हो गई है। रेलवे साढ़े 19 करोड़ रुपये से नया प्रवेश द्वार और एफओबी बनाने जा रहा है। यह द्वार एफसीआइ गोदाम के पास से बनेगा।

इससे मलपुरा, खेरिया मोड़, अर्जुन नगर, जगनेर रोड, बारहखंडा, नगला छउआ सहित आसपास के पांच लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलेगा। नए एफओबी को प्लेटफार्म नंबर चार और पांच से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को दो से तीन किमी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। डीआरएम गगन गोयल ने बताया कि साढ़े 19 करोड़ रुपये से एक अन्य 12 मीटर चौड़ा एफओबी बनेगा।

यह एफओबी प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, चार और पांच को जोड़ेगा। इससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत रहेगी। दोनों ही कार्यों के टेंडर हो गए हैं। स्टेशन सीधे मेट्रो से भी जुड़ रहा है। इससे यात्रियों को बाहर नहीं निकलना पड़ेगा और आसानी से रेलवे या फिर मेट्रो स्टेशन पहुंच सकेंगे। डीआरएम ने बताया कि 186 करोड़ रुपये से स्टेशन के विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार कर प्रयागराज जोन कार्यालय भेजा गया है।

इसमें पार्किंग एरिया, सरर्कुलेटिंग एरिया सहित यात्री सुविधाओं के इंतजाम किए जाएंगे। विस्तारीकरण के लिए कई सरकारी क्वार्टरों को भी तोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म एक और दो का चौड़ीकरण होगा। यह कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है।

अटल चौक के आसपास व्यवस्था में होगा सुधार

डीआरएम ने बताया कि अटल चौक के आसपास व्यवस्था में सुधार होगा। जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।