विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आलमगंज रोड पर टूटी पानी लाइन, 40 हजार घर प्रभावित

By JagranEdited By:
Published: Fri, 12 Nov 2021 09:35 PM (IST)

आज और कल भी नहीं मिलेगा पानी तीन साल में 16 बार टूट चुकी है 40 साल पुरानी लाइन जल ...और पढ़ें

आलमगंज रोड पर टूटी पानी लाइन, 40 हजार घर प्रभावित
आलमगंज रोड पर टूटी पानी लाइन, 40 हजार घर प्रभावित

आगरा,जागरण संवाददाता। आलमगंज रोड, लोहामंडी में शुक्रवार अल सुबह पानी की लाइन टूट गई। इससे 40 हजार घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। जल संस्थान की टीम ने सुबह दस बजे से पाइप लाइन की मरम्मत शुरू की। इसके चलते डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। हजारों लोगों को परेशान होना पड़ा जिस पर मरम्मत कार्य को बंद कर दिया गया। 40 साल पुरानी लाइन तीन साल में 16 बार टूट चुकी है। लाइन टूटने के चलते संबंधित क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भी जलापूर्ति नहीं होगी।

आलमगंज रोड से होकर नौ इंच की लाइन गुजरी है। यह लाइन जर्जर हो चुकी है। लाइन में आए दिन लीकेज होते हैं। इससे हर दिन हजारों लीटर गंगाजल बर्बाद होता है। बुधवार और गुरुवार को एक-एक लीकेज हो गया। शुक्रवार अल सुबह सिकंदरा स्थित गंगाजल और एमबीबीआर प्लांट से जैसे ही जलापूर्ति शुरू हुई। आलमगंज रोड स्थित होली पब्लिक स्कूल के सामने लाइन टूट गई। इससे लाखों लीटर गंगाजल रोड पर बहने लगा। वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ। पार्षद शरद चौहान ने इसकी शिकायत जल संस्थान के अफसरों से की। लोहामंडी जोनल पंपिग स्टेशन से वाल्व को बंद किया गया। रोड पर जलभराव होने पर गाड़ी बुलानी पड़ी। सुबह दस बजे जल संस्थान की टीम ने लाइन की मरम्मत शुरू की। गड्ढा का दायरा बड़ा होने के चलते बड़े वाहनों फंस गए। इससे जाम लग गया। क्षेत्रीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। पार्षद ने काम को रुकवा दिया। पार्षद शरद ने बताया कि रात 12 से सुबह छह बजे तक काम कराने के लिए कहा गया है। शनिवार और रविवार को आलमगंज, कारवान गली, तोता का ताल, मोतीकुंज, सैय्यदपाड़ा, बिल्लोचपुरा सहित उसके आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि जर्जर लाइन को बदलने के लिए मेयर को पत्र लिखा गया है। आज मेयर करेंगे रोड का शिलान्यास : जिस जर्जर रोड पर नौ इंच की लाइन टूटी है। वह रोड डेढ़ करोड़ रुपये से जल्द बनने जा रही है। शनिवार सुबह दस बजे मेयर नवीन जैन रोड का शिलान्यास करेंगे। यह रोड अग्रसेन भवन कोठी मीना बाजार मैदान के पास से आलमगंज पुलिस चौकी तक बनेगी। - सप्ताह में दो से तीन दिन जलापूर्ति होती है। बाकी दिन टैंकरों से पानी मिलता है। आलमगंज रोड की जर्जर पाइप लाइन को बदलने के लिए दो बार जल संस्थान के अफसरों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।

आशीष बघेल, तोता का ताल - क्षेत्र में आए दिन लोग पानी के लिए परेशान होते हैं। 300 मीटर की दूरी से पानी लाना पड़ता है। नगरायुक्त को जर्जर लाइन बदलने का ज्ञापन भी दिया जा चुका है।

रिकू गुप्ता, बिल्लोचपुरा - आलमगंज रोड की जर्जर पाइप लाइन न बदलने से हर दिन बड़ी संख्या में लोग पानी के लिए परेशान होते हैं। पिछले माह मेयर को ज्ञापन दिया गया था।

केएस अग्रवाल, सैय्यदपाड़ा