आगरा के नामी कॉलेज की छात्रा को किया ब्लैकमेल, साथ पढ़ने वाले ने ही वसूले 20 लाख रुपये
आगरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के प्रमुख कॉलेज से बीकॉम कर रही छात्रा को गैंग ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
-बी.काॅम की छात्रा को कई वर्ष से ब्लैकमेल कर रहे आरोपित पर मुकदमा दर्ज
-इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर के नाम से धमकी भरा मैसेज दोस्ती करने को किया मजबूर
जागरण संवाददाता, आगरा। एक नामी कॉलेज से बी. काॅम कर रही छात्रा को सहपाठी ने अपने चंगुल में फंसा लिया। गैंगस्टर के नाम से इंस्टाग्राम पर धमकी भरे मैसेज कराए। छात्रा को अपने साथ मित्रता करने पर मजबूर किया। इसके बाद उससे वसूली का सिलसिला शुरू कर दिया। आरोपित छात्रा को ब्लैकमेल करके अब तक लगभग 20 लाख रुपये वसूल चुका है। बदनाम करने की धमकी देकर अपने पास आने को बोलता है।
करीब दो साल से दहशत में जी रही छात्रा ने लोहामंडी थाने में आरोपित सहपाठी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसने एमजी रोड स्थित एक काॅलेज में बी.काॅम में दो वर्ष पहले प्रवेश लिया था। उसी काॅलेज में लोहामंडी के गजानन नगर निवासी मनन बंसल ने भी प्रवेश लिया। वह पूर्व में उसके साथ स्कूल में पढ़ता था।
काॅलेज में मनन ने उसके नजदीक आने का प्रयास किया तो जिसकी शिकायत उसकी बहन से कर दी। मनन कुछ दिन उससे दूर रहा। इसके एक महीने बाद ही उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर किसी गोगी गैंग का धमकी भरा मैसेज आया। जिसमें उससे कहा गया कि जिंदा रहना है तो गैंग की बात माननी पड़ेगी। मनन बंसल के साथ दोस्ती बढ़ाओ और घूमने जाओ।
छात्रा के मुताबिक उसने मनन से इस बारे में पूछा ताे वह बोला कि उससे दोस्ती करने चाहता है। वह बातचीत नहीं कर रही है, उसकी परेशानी देख एक दोस्त ने गैंग वालों को बता दिया। इसलिए गैंग वाले उसे धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि मनन ने उसे डरा करके दोस्ती के बाद फायदा उठाना शुरू कर दिया। आरोपित ने उसके आधार कार्ड पर ऋृण ले लिया, उसकी सभी आईडी खुद चलाने लगा।
उसके नाम से परिचितों से रुपये मांगने लगा। छात्रा ने बताया कि सात लाख रुपये उसने नकद दिए थे। आरोपित उसके फोटो एवं वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपित मनन बंसल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।