विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बटेश्वर मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद

By Vidhyaram Narwar Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 03 Nov 2026 01:43 PM (IST)

डीएम मनीष बंसल ने 11 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले बटेश्वर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। कार्तिक ...और पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा के लिए यमुना के घाट पर सफाई करते श्रमिक।

कार्तिक पूर्णिमा के लिए यमुना के घाट पर सफाई करते श्रमिक।

जागरण संवाददाता, आगरा। बटेश्वर में 11 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेला श्री बटेश्वरनाथ की तैयारियों को लेकर सोमवार को डीएम मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा।

इसे देखते हुए यमुना घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। डीएम मनीष बंसल ने एसडीएम बाह, एसीपी बाह, पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत के अधिकारियों को सभी संपर्क एवं मेला मार्गों का मौके पर निरीक्षण कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पुलिस को यातायात और वीआइपी रूट प्लान तैयार करने को कहा। विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग को सुरक्षा आडिट कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

घाटों पर पर्याप्त गोताखोर तैनात होंगे। नदी में बैरिकेडिंग, लाल झंडी, गहरे पानी के संकेतक, रस्से और अस्थाई वाच टावर बनाए जाएंगे। फ्लड पीएसी के स्टीमर से निगरानी होगी। गौरी घाट पर 12 स्थाई और अन्य घाटों पर चार अस्थाई चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। पुलिस चौकियों के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज अतिरिक्त बसें चलाएगा। खांद चौराहे के पास अस्थाई बस स्टैंड बनाया जाएगा। बिजली विभाग 250 किलोवाट का अस्थाई कनेक्शन और तीन ट्रांसफार्मर लगाएगा। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर 125 किलोवाट के दो तथा 62, 15 और पांच किलोवाट के एक-एक जनरेटर की व्यवस्था रहेगी। घाटों और मंदिरों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। मेले में अस्थाई चिकित्सालय स्थापित होगा।

चिकित्सक, एएनएम, एंबुलेंस, आक्सीजन, दवाएं और एंटी स्नेक वीनम उपलब्ध रहेगा। पशुओं के उपचार के लिए अस्थाई पशु चिकित्सालय भी बनेगा। पशुओं के लिए 14 पेयजल पोस्ट, 18 हौदियां और छह टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। अग्निशमन वाहन और कर्मचारी तैनात रहेंगे।

सफाई के लिए दो शिफ्ट में लगेंगे 50 कर्मचारी

जिला पंचायत दो शिफ्ट में 25-25 सफाई कर्मचारियों की तैनाती करेगी। मेले में 100 अस्थाई शौचालय, आठ स्थाई शौचालय और 12 शौचालयों वाला सामुदायिक शौचालय बनाया जाएगा। नगर निगम दो मोबाइल टायलेट उपलब्ध कराएगा। खोया-पाया केंद्र, कंट्रोल रूम और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी स्थापित होगा। पिछले वर्ष की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे। कृषि, वन, श्रम सहित अन्य विभाग जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनियां लगाईं जाएंगी। बैठक में सीडीओ अमित कुमार, एडीएम (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संदीप वर्मा, सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव, एएमए मुकेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।