आगरा में सगे मामा ने ही किया भांजे का अपहरण, पांच लाख की मांगी फिरौती
आगरा के बरहन में एक मामा ने अपने साथी के साथ मिलकर अपने ही भांजे का अपहरण कर लिया और रिहाई के लिए पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। बरहन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, बरहन (आगरा)। थाना बरहन क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक मामा ने अपने साथी के साथ मिलकर अपने ही सगे भांजे का अपहरण कर लिया और उसकी रिहाई के बदले पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। बरहन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे में घटना का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि 26 नवंबर को बालक के पिता ने थाना बरहन में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र 22 नवंबर को दोपहर में बकरी चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश के लिए टीम गठित की।
जांच के दौरान बालक के सगे मामा रमाकांत निवासी आसफाबाद, थाना रसूलपुर फिरोजाबाद और उसके साथी अजय की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, रमाकांत पर कर्ज चुकाने का दबाव था। इसी के चलते उसने अपने यहां काम करने वाले अजय को पैसों का लालच देकर अपहरण की साजिश रची। इसके बाद बालक के पिता से पांच लाख रुपये की मांग की।
27 नवंबर को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव जगनपुर पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 140(2) की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।