दीपावली तक आगरा में सड़कों की खोदाई और नए पानी कनेक्शन पर रोक, विशेष सफाई अभियान
आगरा नगर निगम ने दीपावली तक सड़कों की खोदाई और नए पानी के कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी ...और पढ़ें

आगरा के नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य खोदाई संबंधी कार्यों पर रोक के निर्देश देते हुए।
जागरण संवाददाता, आगरा। वायु गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव और दीपावली के देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सड़कों-गलियों की खोदाई, नए पानी के कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी है। विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाएगा। पानी और सीवर की समस्या का तुरंत निस्तारण कराया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को नगरायुक्त संतोष कुमार की बैठक में लिया गया।
स्मार्ट सिटी सभागार में बैठक में नगरायुक्त ने कहा कि इमरजेंसी में सड़कों की खोदाई की जानकारी निगम प्रशासन को देनी होगी। सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि रोड कटिंग होने के बाद मरम्मत न कराने वाली सड़कों को चिन्हित किया जाए। सड़कों की गुणवत्ता, गड्ढों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त फुटपाथों को ठीक कराया जाए।
त्योहार के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सड़क खोदाई और मरम्मत कार्यों में विभागीय समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम और श्रद्धा पांडेय, डा. संजीव वर्मा मौजूद रहे।
प्रवेश मार्गों तक की सफाई पर जोर
नगरायुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कूड़ा संवेदनशील स्थलों (जीवीपी) को खत्म करने और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। शहर के प्रवेश मार्गों को साफ-सुथरा रखने के साथ ही प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पेयजल की गुणवत्ता और सीवर व्यवस्था की होगी निगरानी
शहर में पेयजल आपूर्ति की नियमितता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीवर कनेक्टिविटी, सीवर के निस्तारण, ओवरफ्लो की घटनाओं और खुले में सीवर बहने की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सीवेज ट्रीटमेंट और जल निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। नालों की सफाई और जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर पहले से ही आवश्यक इंतजाम कर लिए जाएं, जिससे त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
अंधेरे वाले स्थानों पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
स्ट्रीट लाइटों की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने प्रत्येक वार्ड में चालू स्ट्रीट लाइटों की संख्या और अंधेरे वाले स्थानों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। खराब लाइटों को ठीक कराने और जरूरत के अनुसार नए प्रकाश बिंदु विकसित करने पर जोर दिया गया।
पार्कों की सफाई, ओपन जिम, खेल सुविधाओं, कैफे और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को ठीक करने के लिए कहा।पुस्तकालयों, सामुदायिक केंद्रों और जल निकायों के रखरखाव पर भी ध्यान पर जोर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।