आगरा यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन की एग्जाम डेट आई, फार्म भरने की आखिरी तारीख करीब
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होंगी, जिसके लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम ...और पढ़ें

आंबेडकर यूनिवर्सिटी आगरा का पालीवाल पार्क स्थित परिसर।
जागरण संवाददाता, आगरा। डाॅ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू हो रही हैं। वहीं, 15 नवंबर तक परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। ऐसे में पहले दिन की परीक्षा देने वाले छात्रों को प्रवेश पत्र लेने के लिए एक दिन मिलेगा। छात्रों को पढ़ाई छोड़कर प्रवेश पत्र के लिए काॅलेजों के चक्कर लगाने पड़ेंगे।
विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से हैं। बीए, बीएससी, बीकाॅम और बीकाॅम वाकेशनल प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर, एमए, एमएससी, एमकाॅम प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा फार्म कालेजों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जा रहे हैं। अभी तक 40 हजार छात्रों के परीक्षा फार्म नहीं भरे गए हैं।
ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है। सभी छात्रों के परीक्षा फार्म भरने के बाद ही विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। ऐसे में पहले दिन की परीक्षा देने वाले छात्रों को प्रवेश पत्र के लिए एक दिन का समय मिलेगा।
छात्रों को परीक्षा से पहले काॅलेज में प्रवेश पत्र लेने के लिए चक्कर लगाने पड़ेंगे। तमाम छात्रों को काॅलेज पहुंचने पर ही प्रवेश पत्र मिल सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक डा. ओम प्रकाश ने बताया कि स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के फार्म नहीं भरे गए हैं, इसके चलते फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी है।