आगरा में आंबेडकर पुल पर लगा हाईट गेज टूटा, घंटों जाम में फंस बिलबिला गए लोग
आगरा के आंबेडकर पुल पर सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से हाईट गेज टूट गया, जिससे पुल पर लंबा ...और पढ़ें

आंबेडकर पुल पर हाईट गेज टूटने के बाद लगा जाम।
जागरण संंवाददाता, आगरा। यमुना नदी पर स्थित आंबेडकर पुल पर लगा हाईट गेज गुरुवार को सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्राली निकलने के दौरान टूट गया। जिससे यमुना ब्रिज और पुल पर जाम के हालात बन गए। पुलिस और क्षेत्रीय लोग यातायात काे सुचारू कराने के लिए जुटे रहे। दो घंटे बाद उसे हटवाने के बाद आगवामन सुचारू हुआ।
आंबेडकर पुल पर लगी भारी भरकम जाली रेलिंग समेत दो वर्ष पहले गिरने पर वहां से भारी वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए यमुना ब्रिज और बेलनगंज की ओर हाईट गेज लगाया गया था। जिसके बाद वहां से दोपहिया एवं चार पहिया वाहन ही निकल सकते हैं। राहगीरों के अनुसार गुरुवार की सुबह 11:30 बजे सीमेंट की बोरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली निकलने के दाैरान वह हाईट गेज से टकरा गई। जिससे हाईट गेज गिर गया।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां से कोई वाहन और राहगीर नहीं निकल रहा था। हाईट गेज गिरने से चारपहिया वाहनों का आवागम पूरी तरह ठप हो गया। दोपहिया और पैदल लोग ही किसी तरह से निकल पा रहे थे। रामबाग से बेलनगंज जाने वाले वाहनों की यमुना ब्रिज पर लंबी लाइन लग गई। यही स्थिति बेलनगंज से यमुना ब्रिज की ओर आने वाले वाहनों का हुआ। पुल पर वाहनों की लाइन लगने लगी।
यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर आवागमन को सुचारू कराने का प्रयास किया। इस दौरान स्ट्रेची ब्रिज की ओर वाहनों काे भेजा गया। मजदूरों को बुलाकर करीब दो घंटे में हाईट गेज को सही कराया जा सका। जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने बताया कि हाईट गेज टूटने से आवागमन बाधित हो गया था। उसे सही करा दिया गया है।
