पिता चलाते स्कूल बस, बेटा बना सेना में अफसर; अकोला के अंकित ने मारी NDA में बाजी
अकोला के अंकित रावत ने एनडीए में 151वीं रैंक हासिल कर सेना में अफसर बनकर अपने परिवार और गांव का ...और पढ़ें

मां और पिता के साथ भारतीय सेना में चयनित अंकित रावत।
मोहित शर्मा, अकोला (आगरा)। सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का जुनून हो तो परिस्थितियां कभी रास्ते की बाधा नहीं बनतीं। इसकी मिसाल अकोला के गांव पिनानी निवासी अंकित रावत ने पेश की है। जिस स्कूल में उनके पिता बस चालक के रूप में नौकरी करते हैं, उसी स्कूल में पढ़ाई कर अंकित ने सेना में अफसर बनने का गौरव हासिल किया है।
एनडीए (NDA) में 151वीं रैंक हासिल करने वाले अंकित की सफलता से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर है। अंकित के पिता लक्ष्मण सिंह रावत पिछले 12 वर्षों से अकोला स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में बस चालक के रूप में कार्यरत हैं। पिता की मेहनत और संघर्ष के बीच अंकित ने भी इसी विद्यालय में कक्षा एक से 5 वीं तक पढ़ाई की।
जिस बस से उनके पिता रोजाना बच्चों को स्कूल लाते और घर पहुंचाते थे, उसी स्कूल में अंकित ने अपने सुनहरे भविष्य की नींव रखी। 5 वीं के बाद उन्होंने नैनीताल के घोड़ाखाल में स्थित सैनिक स्कूल से 12 वीं तक पढ़ाई की और मेहनत के दम पर पहली बार में ही राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 151 वीं रैंक हासिल कर सेना में अफसर बनने का सपना साकार किया।
जहां पढ़े, वहीं अतिथि बनकर पहुंचे
बाल दिवस पर अंकित रावत एसजी पब्लिक स्कूल में अतिथि के रूप में पहुंचे। कभी जिस विद्यालय में वह विद्यार्थी बनकर पढ़ाई करते थे, उसी विद्यालय में प्रबंधक अजीत मालान ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान अंकित ने विद्यार्थियों के साथ अपनी सफलता का अनुभव साझा किया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के गुर बताए। अपने पुराने विद्यालय में अतिथि के रूप में सम्मानित होने पर अंकित ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।