विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा एयरपोर्ट पर सिविल एन्क्लेव का करना होगा अभी और इंतजार, फिर बढ़ गई तारीख

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 20 Nov 2026 11:32 PM (IST)

आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य अब फरवरी 2027 तक पूरा होगा, जो पहले 30 नवंबर को होना था। इस देरी से यात्रियों को बढ़ी हुई सुविधाओं के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।

आगरा का खेरिया एयरपोर्ट।

आगरा का खेरिया एयरपोर्ट।

अमित दीक्षित, आगरा। खेरिया एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण समय पर नहीं हो सकेगा। 30 नवंबर के बदले अब निर्माण कार्य फरवरी 2027 में पूरा होगा। अभी तक 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। एन्क्लेव बनने से यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी। यह कार्य 343 करोड़ रुपये से हो रहा है। 79.31 करोड़ रुपये से रनवे और टैक्सी ट्रैक बन रहा है। यह कार्य मार्च तक पूरा होगा।

खेरिया एयरपोर्ट से वर्तमान में दो फ्लाइट संचालित हैं। अगर यात्री क्षमता की बात की जाए तो 500 है जिसमें 250 आने और 250 जाने वाले यात्री शामिल हैं। नए सिविल एन्क्लेव का निर्माण होने से यात्रियों की क्षमता 1400 हो जाएगी। नया टर्मिनल का निर्माण होगा और विमानों को खड़ा करने के लिए एप्रन बनेगा। एक साल पूर्व एन्क्लेव का निर्माण शुरू हुआ था। यह कार्य 30 नवंबर तक पूरा होना था।

निर्माण कार्य में देरी के चलते यात्रियों को नए सिविल एन्क्लेव की सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। नए सिविल एन्क्लेव में टर्मिनल बिल्डिंग सहित यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर रनवे के विस्तार का कार्य भी चल रहा है।

निदेशक विवेक शर्मा ने बताया कि पांच करोड़ रुपये से नई बाउंड्रीवाल बन रही है। 12 किमी लंबी बाउंड्रीवाल का अधिकांश हिस्सा बन चुका है। ग्रामीणों के लिए नया रास्ता देना है। इसी के चलते बाकी हिस्से की बाउंड्रीवाल नहीं बन पा रही है। इसके लिए डीएम को पत्र लिखा गया है। वहीं रनवे के विस्तार का कार्य धीमी गति से चल रहा है। भारतीय वायुसेना से अभी तक अनुमति नहीं मिली है।

फैक्ट फाइल

  • 60 हेक्टेयर भूमि धनौली, अभयपुरा और बल्हैरा गांव की खरीदी गई है।
  • 33865 वर्ग मीटर में टर्मिनल बन रहा है।
  • 1400 यात्रियों की क्षमता होगी।
  • 9 विमानों के एक साथ खड़े होने के लिए एप्रन बन रहा है।
  • 79.31 करोड़ रुपये से नया टैक्सी ट्रैक और रनवे का विस्तार हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।