दीपावली से पहले ही हवा हुई खराब, आगरा में आवास विकास कालोनी सबसे अधिक प्रदूषित
आगरा में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) मध्यम श्रेणी में रहा, लेकिन आवास विकास कॉलोनी सबसे प्रदूषित क्षेत्र रही। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगरा में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम स्थिति में रहा।
आवास विकास कॉलोनी 187 एक्यूआइ के साथ सबसे प्रदूषित रही।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) मानीटरिंग स्टेशनों पर मध्यम स्थिति में रहा। शहर में सबसे अधिक प्रदूषित आवास विकास कालोनी रही, जहां एक्यूआइ 187 रहा। हवा में अति सूक्ष्म कणों और धूल कणों की मात्रा बढ़ी हुई रही। इससे शहरवासियों विशेषकर बुज़ुर्गाें व मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हवा में धूल कणों (पीएम10) और अति सूक्ष्म कणों (पीएम2.5) की मात्रा बढ़ी होने की वजह शहर में निर्माण कार्यों में धूल शमन के मानकों का उचित इंतजाम नहीं किया जाना है। सड़कें खोदकर छोड़े जाने से वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उठ रहे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को एक्यूआइ मध्यम स्थिति में 173 रहा, जो शुक्रवार के एक्यूआइ 186 से कम था।
हवा चलने से सभी मानीटरिंग स्टेशनों पर शुक्रवार की अपेक्षा सुधार देखने को मिला और एक्यूआइ मध्यम स्थिति में रहा। फतेहपुर सीकरी स्थित आटोमेटिक मानीटरिंग स्टेशन शुक्रवार को बंद रहा था, लेकिन शनिवार को यहां एक्यूआइ 126 रहा। आवास विकास कालोनी में हवा में घुली अति सूक्ष्म कणों की अधिकतम मात्रा 248 और धूल कणों की अधिकतम मात्रा 308 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गई।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 24 घंटे में हवा में घुली अति सूक्ष्म कणों की मात्रा 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और धूल कणों की मात्रा 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होनी चाहिए।
- संजय प्लेस, 156
- मनोहरपुर, 183
- सेक्टर तीन-बी आवास विकास कालोनी, 187
- शास्त्रीपुरम, 150
- रोहता, 183
- शाहजहां गार्डन, 180
- फतेहपुर सीकरी, 126