2 दिन और बच्चों की बल्ले-बल्ले, स्कूलों को लेकर आए DM के नए आर्डर Agra News
शीतलहर को देखते हुए आगरा जिला प्रशासन ने स्कूलों में बढ़ाया एक दिन का अवकाश। गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह जयंती का रहेगा अवकाश। तीन से खुलेंगे स्कूल।
आगरा, जागरण संवाददाता। जिस तरह से शहर चिल्ला जाड़े की गिरफ्त में है, बड़े-बड़ों की कंपकंपी छूट रही है। ऐसे में स्कूली बच्चों को जिला प्रशासन ने राहत दी है। शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने एक दिन का अवकाश बढ़ाया है, वहीं गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश रहेगा। यानि अब स्कूल तीन जनवरी, शुक्रवार से खुलेंगे। यह आदेश 12वीं तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा।
न्यू ईयर का जश्न मना रहे लाेगों के लिए मंगलवार शाम राहत भरी खबर आई। प्रशासन ने स्कूलों का अवकाश बढ़ाए जाने का आदेश जारी कर दिया है। एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी की ओर से जारी आदेश के अनुसार अागरा में मौसम का हाल देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह जनपद के सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। यहां बता दें अधिकांश मिशनरी स्कूलों ने पहले से ही क्रिसमस के अवसर पर पांच और छह जनवरी तक अवकाश घोषित कर रखा है। उ.प्र. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के स्कूलों को ही इस समय खोला जाना था। यूपी बोर्ड के बच्चों को भी प्रशासन ने राहत दे दी है।
बारिश होने की संभावना
ताजनगरी में सोमवार को निचला पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा था और अधिकतम 8.8 डिग्री रहा था। मंगलवार को हल्की धूप निकली लेकिन हवा में गलन बरकरार रही। अधिकतम तापमान में सुधार आया है और 13.6 डिग्री आंका गया है। जबकि न्यूनतम 4.9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इधर मौसम विभाग ने दो जनवरी को बारिश होने के भी आसार जताए हैं।