नोएडा से गोंडा जा रही बस आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई, ड्राइवर सहित दो की मौत और छह घायल
Agra News: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात नोएडा से गोंडा जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक ...और पढ़ें

Agra News: यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हुई स्लीपर बस।
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में बस चालक और एक यात्री की मौके पर मौत हो गई।
छह अन्य यात्री घायल हुए, पुलिस जांच जारी है।
संवाद सूत्र, खंदौली (आगरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात नोएडा से गोंडा जा रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह सवारियां घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी एत्मादपुर और सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के साथ दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।
नोएडा से गोंडा जा रही स्लीपर बस देर रात करीब दो बजे खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 149वें माइल स्टोन के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस चालक अजय पुत्र बलराम सिंह निवासी नगला इंच, थाना जसराना, फिरोजाबाद और बस में सवार अनुज (25) पुत्र रामधीरज निवासी बलीपुर भोप, थाना बालपुर, जिला गोंडा की मौके पर ही मौत हो गई।
मजदूरी कर घर लौट रहा था अनुज
मृतक अनुज हरियाणा के बहादुरगढ़ में मजदूरी करता था। वह काम करने के बाद बस से अपने घर गोंडा लौट रहा था। बहादुरगढ़ से घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- IIT दिल्ली करेगी पर्यटकों की संख्या निर्धारित, ताजमहल की धारण क्षमता तय करने को ASI ने भेजा प्रस्ताव
यह भी पढ़ें- दौड़ जीतने के लिए घोड़े वाला इंजेक्शन लगाया, आर्मी की तैयारी कर रहे दो युवकों का हुआ बुरा हाल
हादसे में छह लोग हुए घायल
हादसे में अरुण निवासी वर्षापुर, गोंडा, गंगाशरण निवासी दूलापुर तरहर, थाना कोतवाली देहात, गोंडा, भीमसेन निवासी बजाजगढ़ उमड़ी बेगमपुर, गोंडा, अजय निवासी नंदनगर अचानकपुर, बलरामपुर, उमेश निवासी नंदनगर अचानकपुर, बलरामपुर और नंदलाल घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
