Agni veer Bharti 2022: एक गलती और टूट गया अग्निवीर बनने का सपना, कल है फिरोजाबाद के युवाओं की बारी
Agni veer Bharti 2022 इटावा और फिरोजाबाद के 6550 युवाओं ने रैली में लिया भाग। कल फिरोजाबाद शहर और शिकोहाबाद के युवाओं को मिलेगा मौका। 26 सितंबर को बाह आगरा के युवाओं को अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने का मौका मिलेगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। इटावा निवासी सुधीर कुमार गुप्ता चार साल से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। शनिवार को सुधीर ने दौड़ पास कर ली लेकिन बीम में वह फेल हो गए। सुधीर ने सेना के अधिकारियों से एक और मौका देने की अपील की लेकिन अधिकारियों ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। सुधीर का अग्निवीर बनने का सपना अब कभी पूरा नहीं होगा। क्योंकि अगले साल वह 24 साल के हो जाएंगे।
- सिरसागंज, फिरोजाबाद निवासी धीरेंद्र सिंह दो साल से सेना भर्ती के लिए दौड़ लगा चुके हैं। शनिवार को बीम टेस्ट पास कर लिया लेकिन 1.6 किमी की दौड़ को धीरेंद्र ने छह मिनट में पूरा किया। इस आधार पर उन्हें अयोग्य करार दिया गया। रैली से बाहर कर दिया गया। धीरेंद्र की उम्र 23 साल है। इस साल अब कोई अन्य रैली नहीं है। ऐसे में धीरेंद्र अग्निवीर नहीं बन सकेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आनंद इंजीनियरिंग कालेज में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में सुधीर और धीरेंद्र अकेले नहीं थे बल्कि उनके जैसे 800 युवा ऐसे थे जिनका अग्निवीर बनने का सपना टूट गया। रैली में इटावा के जसवंतनगर और इटावा शहर और फिरोजाबाद के सिरसागंज तहसील के 8500 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। रैली में 6550 युवा शामिल हुए। 70 प्रतिशत युवा दौड़ और दस प्रतिशत युवा बीम मारने में फेल हो गए। सेना भर्ती कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को फिरोजाबाद जिले के फिरोजाबाद और शिकोहाबाद तहसील के युवाओं को मौका मिलेगा।
26 को बाह तहसील के युवाओं को मिलेगा मौका
26 सितंबर को बाह, आगरा के युवाओं को अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने का मौका मिलेगा। 25 सितंबर की रात 12 बजे आनंद इंजीनियरिंग कालेज स्थित हेल्प डेस्क में रिपोर्ट करनी होगी।