UP Weather 2019: बरसी राहत की बूंदें, आधा शहर फिर भी सूखा Agra News
जबरदस्त उमस के बीच बुधवार को शहर के कुछ हिस्सों में करीब आधा घंटे की बारिश ने तरबतर किया। वहीं आधा शहर सूखा ही रहा।
आगरा, जागरण संवाददाता। रूठे बादल शायद फिर ताजनगरी पर मेहरबान होते दिख रहे हैं। बीते तीन दिन से जबरदस्त उमस के चलते हालत यह रही दिन हो या रात, बेचैनी बरकरार है। बुधवार को दोपहर में एकदम से बादल घिरे और आधे शहर में जमकर बरसे। आधा शहर फुहारों के लिए भी तरसता रहा। हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी तीन दिन तक बारिश होते रहने के आसार हैं।
पूरा ब्रजमंडल इन दिनों बारिश की आस लगाए बैठा है। बुधवार को कुछ जगह यह पूरी भी हुई। आगरा, फीरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर लगभग तीन बजे एकदम तेज बारिश शुरू हुई। करीब 20 मिनट से लेकर 40 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। जो लोग सड़कों पर थे, उन्होंने बारिश का भरपूर आनंद लिया। आगरा में भगवान टॉकीज, संजय प्लेस, खंदारी, न्यूआगरा, दयालबाग में अच्छी बारिश हुई। जबकि सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी सूखे रहे। हालांकि बारिश होने के बाद हवा ठंडी होने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की लेकिन घरों के अंदर उमस का स्तर बढ़ा रहने से पसीना अब भी छूट रहा है।
मौसम विभाग की मानें तो अब तीन दिन तक आगरा में बादल छाए रहेंगे। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम तापमान 32.2 दर्ज किया गया है। आद्र्रता का स्तर 79 फीसद पर है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।