आगरा में पिता के खुदकुशी करने के बाद उसी फंदे से लटककर बेटे ने दे दी जान
डौकी के नगरिया गांव का मामला पिता-पुत्र दोनों की मौत के बाद घर में मचा कोहराम। खुदकुशी का कारण नहीं हुआ स्पष्ट स्वजन और पड़ोसियों से जानकारी कर रही पुलिस। पुलिस की अब तक की जांच में बंटवारे का विवाद सामने आया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। डौकी के नगरिया गांव में बुधवार को दूध व्यवसायी ने खुदकुशी कर ली। पिता की मौत की जानकारी होने पर दो घंटे बाद 12 वर्षीय बेटे ने भी उसी फंदे से लटककर जान दे दी, जिससे पिता ने फांसी लगाई थी। दोनों की मौत के बाद घर में कोहराम मचा है। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं है। मगर, पुलिस की अब तक की जांच में बंटवारे का विवाद सामने आया है।
नगरिया निवासी 45 वर्षीय दिनेश का दूध का व्यवसाय था। बुधवार सुबह सभी स्वजन उसके भैंस के बाड़े पर थे। दिनेश घर पर अकेला रह गया था। इसी दौरान उसने मफलर का फंदा बनाकर आंगन में लगे पंखे से उसे बांध लिया। उससे गले में फंदा कस लिया। सुबह साढ़े सात बजे स्वजन घर पहुंचे तो दिनेश फंदे से लटके मिले। उन्हें नीचे उतारकर स्वजन आगरा ले गए। वहां अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पिता की मौत की खबर सुनकर दिनेश का 12 वर्षीय बेटा अनुज भी बेहाल हो गया। सभी स्वजन बाड़े पर थे। घर का ताला लगा था। वह छत के रास्ते से घर में कूदकर पहुंच गया। इसके बाद उसी मफलर से जिस जगह पिता ने फांसी लगाई थी, वहीं खुद फंदे से लटक गया। अनुज की बहन पूजा किसी काम से घर गई तो वह फंदे से लटका दिखा। उसके चीखने आसपास के लोग पहुंच गए। स्वजन भी आ गए। फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इंस्पेक्टर डौकी अशोक कुमार का कहना है कि पिता-पुत्र की खुदकुशी का मामला सामने आया है। अभी खुदकुशी का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है।