छेड़छाड़ का विरोध करना शायर को पड़ा भारी, शोहदों ने किया ये हाल
चेहरा, गर्दन और सीना झुलसा, पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज। आए दिन युवती से करते थे छेड़छाड़, शिकायत पर किया था विरोध।
आगरा [जेएनएन]: योगी सरकार में प्रशासन भले ही चाहे कितने सुशासन होने के दावे कर ले लेकिन आए दिन हो रहीं आपराधिक घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
फीरोजाबाद में शुक्रवार की रात युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक शायर के ऊपर तेजाब फेंक दिया। शायर का चेहरा, गर्दन और सीना झुलस गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीडि़त ने तीन सगे भाईयों सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
राही नगर निवासी हाशिम फीरोजाबादी शायर हैं। वह शुक्रवार की रात दस बजे नाले की पुलिया पर खड़े थे। उसी दौरान नाले की पुलिया निवासी सैफ अपने भाई मुसैफ सनी, सकलेन एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंच गया। उक्त सभी लोग हाशिम के पास पहुंच गए और गाली गलौज करने लगे। जब हाशिम ने विरोध किया तो वह लोग उनकी पिटाई करने लगे। यह देखकर वहां भीड़ एकत्रित हो गई। मौका पाते ही सैफ वहां से चला गया। कुछ समय बाद वह तेजाब लेकर वापस पहुंच गया।
लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही उसने हाशिम के ऊपर तेजाब फेंक दिया। चेहरा, गर्दन और सीना झुलसने से वह शोर करने लगे। यह देखकर लोगों में भगदड़ मच गई। आरोपित वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ङ्क्षसह पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
आदतों से बाज नहीं आ रहे थे आरोपित
हाशिम ने बताया कि आरोपित पास की रहने वाली एक युवती के साथ छेड़छाड़ करते थे। युवती ने अपने पिता से शिकायत की। पिता ने मुझे बताया तो मैंने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आए।