Accident on Yamuna Expressway, 30 फुट नीचे गिरी कार Agra News
टायर फटने पर हो गई थी अर्टिगा कार बेकाबू। छह कार सवार हुए घायल।
आगरा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर सोमवार दोपहर नोएडा से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार का टायर फट गया। जिससे बेकाबू कार रैलिंग तोड़ते हुए 30 फुट नीचे सर्विस रोड पर गिर पड़ी। हादसे में चालक समेत कार सवार छह लोग घायल हो गए। कार सवार लोग ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा जा रहे थे।
यमुना एक्सप्रेस वे पर अर्टिगा कार एचआर 38 एक्स 7531 रविवार को पहाड़गंज दिल्ली से बुक लेकर आगरा जा रही थी। कार को चालक मनोज निवासी पल्ला जनपद फरीदाबाद चला रहा था। थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के समीप दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक टायर फटने से कार बेकाबू हो गई। सड़क पर लहराने के बाद रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेस वे से करीब 30 फुट नीचे सर्विस रोड पर आ गिरी। हादसे में चालक मनोज के अलावा कार में सवार दिलीप घोष, संदीपन घोष, संचिता घोष, एलिजा घोष एवं अमित चक्रवती निवासी कलकत्ता घायल हो गए। हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर रवि त्यागी के अलावा पीआरवी पुलिस और एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। बताते हैं कि दिलीप घोष दो दिन पहले परिवार के साथ दिल्ली आए थे। जहां से वह रविवार को किराए की के ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा जा रहे थे।