यमुना एक्सप्रेस वे पर नेपाल भारत मैत्री बस ट्रक से टकराई, चालक की मौत
नेपाल से दिल्ली जा रही नेपाल भारत मैत्री बस शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे का शिकार हो गई। गलत दिशा से मुड़ रहे ट्रक से टकराने से बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
आगरा, जेएनएन। नेपाल से दिल्ली जा रही नेपाल भारत मैत्री बस शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे का शिकार हो गई। गलत दिशा से मुड़ रहे ट्रक से टकराने से बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में सवार करीब दर्जनभर यात्री घायल हो गए। जिनमें से सात यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नेपाल के पोखरा से शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे 40 यात्रियों को लेकर भारत नेपाल मैत्री बस सेवा की बस दिल्ली के लिए चली थी। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे जैसे ही बस यमुना एक्सप्रेस वे पर एत्मादपुर क्षेत्र के चौगान गांव के पास पहुंची गलत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद चीख पुकार मचने लगी। ट्रक चालक और क्लीनर मौके से भाग गए। चौगान गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। तब तक चालक नेपाल के गोरखा में पल्लू माता निवासी गोपाल बहादुर की मौत हो गई। जबकि दर्जनभर सवारियां घायल हो गईं।
नेपाल के पोखरा निवासी बृहस्पति, विश्व, सौरव, पुष्पा, इंद्र विलास, वसंत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल मामूली चोटिल थे। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एक्सप्रेस वे बस सेवा से नोएडा के लिए भेज दिया गया। अधिकतर यात्री नेपाल से दिल्ली के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने सभी के परिजनों को सूचना दे दी है।