आधी रात के बाद हादसा, सीकरी रोड पर एक की मौत और 12 घायल Agra News
मिढ़ाकुर पर हुई टाटा मैजिक और कार की भिड़ंत। कैला देवी से दर्शन कर लौट रहा था आगरा का परिवार।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा फतेहपुरसीकरी रोड पर रविवार आधी रात को जबरदस्त सड़क हादसा हुआ है। आमने सामने की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि 12 लाेेेग घायल हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर टाटा मैजिक और एक्सयूवी कार में हुई।
आगरा जयपुर हाईवे पर थाना मलपुरा के मिढ़ाकुर के पास रविवार आधी रात को विपरीत दिशाओं से आतीं टाटा मैजिक और एक्सयूवी कार में आमने सामने से जबरदस्त टक्कर हुई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मचने लगी। आवाजें सुनकर आसपास के गांवों के लोग पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। किसी तरह घायलों को बाहर निकाला गया। मौके पर ही 60 वर्षीय वृद्ध ताराचंद की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में महिला और बच्चों सहित करीब 12 लोग घायल हुए हैं। दरअसल न्यू आगरा के दयालबाग निवासी सुरेश अपने परिवार सहित सभी लोगों को कैला देवी मां के दर्शन कराने के लिये गये हुए थे। कैला देवी मां के दर्शन करके लौटते समय परिवार सड़क हादसे का शिकार हुआ है। सुरेश के पिता ताराचंद की सांसें हादसा स्थल पर ही थम गईं।
पुलिस ने घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। घायलों में सुंदरी पत्नी पीतम, ममता पत्नी सनी, संजू पुत्र सुरेश, सपना पुत्री बंगाली, उर्मिला पत्नी बंगाली, राजेश पुत्र बंगाली, सुरेशचंद पुत्र ताराचंद, विमला पत्नी सुरेशचंद, अंजू पुत्र सुरेशचंद और चालक अन्नू शामिल हैं।