चालक की झपकी से चार जिंदगियों ने ली अंतिम सांस, तीन गंभीर
कासगंज जिले के बिलराम की घटना। दुकान में घुसी कार। मृतक दिल्ली, हरयिाणा और राजस्थान के रहने वाले।
आगरा, जेएनएन। शुक्रवार सुबह चालक की झपकी से चार जिंदगियां हमेशा के लिए मौत की नींद सो गईं।
कासगंज जिले के बिलराम कस्बे के बाजार की एक दुकान में तेज गति से कार घुस गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत, एक की उपचार के दौरान मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होता देख स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर दौड़े। पुलिस को सूचित कर घायलों को कार से निकाला गया।
हादसे में मृतक हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सूमो कार में परिवार अपनी मां की अस्थियों को लेकर आ रहा था। सुबह करीब पांच बजे कार अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया गया है। कार में 12 लोग सवार थे।
जिनमें से भगवती पत्नी मुंशीलाल निवासी बसंत विहार थाना मथुरा गेट भरतपुर, राधा रानी पत्नी हरि सिंह निवासी अग्र नगर दिल्ली, उमेश पुत्र सुखराम निवासी कठूमर, जिला अलवर और राजवती निवासी अलालपुर थाना अलालपुर पलवल निवासी थीं।
वहीं सत्येंद्र कुमार पुत्र महाराज सिंह निवासी संजी नगला थाना सोरों कासगंज, विक्की पुत्र बनवारीलाल निवासी अमन विहार दिल्ली और लज्जावती पत्नी किशन लाल निवासी प्रेम नगर नागलोई दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी हाइवे पर सड़क किनारे बुलेरो गड्ढे में गिर गई। हादसे में दो घायल हो गए हैं।