आगरा में 8वां ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, 15 से अधिक देशों की फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
आगरा में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (GTIFF-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें 15 से अधिक देशों की फिल्में ...और पढ़ें

आगरा यूनिवर्सिटी के जेपी सभागार में फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान अतिथि।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजनगरी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के रंगों से सराबोर होने जा रही है। ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आईटीएचएम. संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (GTIFF-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ।
तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में भारत सहित 15 से अधिक देशों की सार्थक, सामाजिक और कलात्मक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि दर्शकों के लिए फिल्मों की स्क्रीनिंग पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।
दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में फ्रांस से अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को से फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली से गायिका मारिया, मुंबई से प्रसिद्ध अभिनेत्री विभा रानी, अमेरिका से अभिनेत्री क़शिश अग्निहोत्री बाजपेयी और वेनेजुएला से अल्फ्रेड, विभा रानी एक्ट्रेस मुंबई के अलावा कई अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। इस अवसर पर फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी सहित मंचासीन अतिथियों का माला, पटका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि एक विशाल व्यावसायिक और रोजगारपरक क्षेत्र बन चुकी है। इसमें युवाओं के लिए अभिनय, निर्देशन, लेखन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, एनीमेशन और तकनीकी क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं।
लेकिन युवाओं को पढ़ना होगा और गंभीर होना होगा। कालिंदी अकैडमी के स्टूडेंट्स ने रोशनी गिड़वानी के निर्देशन में परफॉरमेंस दी, जो बहुत सराही गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में दस दिवसीय फिल्म मेकिंग की प्रायोगिक कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वयं एक फिल्म तैयार की है। इस फिल्म को भी फेस्टिवल में प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय फिल्म निर्माण से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। एनीमेशन के कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं। इससे आगरा और आसपास के जनपदों के विद्यार्थियों को फिल्म एवं मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
फर्स्ट ओपनिंग फ़िल्म
खचाखच भरे ऑडिटोरियम में फ़िल्म फेस्टिवल के पहले दिन स्क्रीन हुई 'महामहिम दीदीजी मुर्मू' फीचर फ़िल्म महामहिम राष्ट्रपति के जीवन की कहानी पर आधारित थी, दर्शक देखकर अभिभूत हुए और फ़िल्म आई थी राजस्थान माउंट आबू से, फ़िल्म की अदाकार संपा मंडल भी दिल्ली एनएसडी से आई थीं, साथ ही निर्देशक पम्पोज़ मिश्रा , प्रभा मिश्रा भी आये थे। ब्रह्मकुमारीज से विशिष्ठ अतिथियों में शीला दीदी, अश्विनी दीदी, कविता दीदी आदि आए थे ।
15 से अधिक देशों की फिल्मों का होगा प्रदर्शन
फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी के अनुसार इस वर्ष अब तक 15 से अधिक देशों की फिल्मों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें फ्रांस, इटली, पोलैंड, अमेरिका, जर्मनी, रूस, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, मॉस्को, जापान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, वेनेजुएला सहित अनेक देशों की फिल्में शामिल हैं। भारत के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में फिल्में प्राप्त हुई हैं। ममता कुलकर्णी भी भाग लेने आएंगी।
कला, साहित्य और सिनेमा जगत की हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में श्रुति सिन्हा साहित्यकार ने संचालन करके सबको बांधकर रखा। अन्यजनों में पूरन डावर, कविता रायजादा, डॉ. मधु भारद्वाज, वत्सला प्रभाकर, जया सिंह एक्ट्रेस, अमित तिवारी, रोशनी गिदवानी, सहित अनेक साहित्यकारों, लेखकों, कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों की उपस्थिति रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।