अहमदाबाद से उठाई साइकिल और 5000 Km तक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश Agra News
आठ सितंबर को अहमदाबाद से शुरू की थी राजीव आजाद किरण ने अपनी यात्रा। 45 दिन में ईटानगर पहुंच करेंगे पूरी।
आगरा, जागरण संवाददाता। लेखक राजीव आजाद किरण भारत अभियान में देशवासियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देने को साइकिल पर पांच हजार किमी के सफर पर निकले हैं। आठ सितंबर को अहमदाबाद से शुरू हुई उनकी 45 दिवसीय यात्रा 24 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के ईंटानगर में संपन्न होगी।
राजीव बुधवार को मथुरा होते हुए आगरा पहुंचे थे। पांच हजार किमी के सफर में वो 12 राज्यों के 150 से अधिक शहरों में जाएंगे। साइकिल यात्रा में इसे साथ वो शहीद प्रतिष्ठा और पर्यावरण को बचाने का संदेश भी दे रहे हैं। राजीव ने बताया कि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम बेटियों के सम्मान को सख्त एवं कारगर कदम उठाएं। महिलाओं के प्रति बढ़ता अपराध हमारी महान संस्कृति के लिए शर्म की बात है। किरण भारत अभियान के दौरान वो शहीदों के परिजनों व वीर नारियों से मुलाकात कर रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी वो दे रहे हैं। अभियान के दौरान दिल्ली में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। यात्रा के दौरान वो उदयपुर, अजमेर, जयपुर, दिल्ली, चंडीगढ़, लुधियाना, जम्मू, शिमला, मथुरा, आगरा में जागरूकता का संदेश दे चुके हैं। वो अब कन्नौज, लखनऊ, फैजाबाद, गोरखपुर, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, सिलीगुड़ी, गुवाहाटी, तेजपुर और ईंटानगर जाएंगे।