Police Mitra: अब आगरा पुलिस के ये 'खास मित्र' कसेंगे अपराध और अपराधियों पर नकेल
Police Mitraकैंट स्टेशन पर 50 ऑटाे चालकों काे बनाया गया पुलिस मित्र। सदर सर्किल में होने वाली लूट चैन छिनैती की घटनाओं को रोकने में निभाएंगे अहम रोल।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में होने वाली लूट, चेन छिनैती और चोरी की घटनाओं काे रोकने में ऑटो चालक अहम भूमिका निभाएंगे। पुलिस के दोस्त बनकर अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने का काम करेंगे। पुलिस को हर वह सूचनाएं उपलब्ध कराएंगे जिनसे वह अपराधियों तक पहुंच सके।
सीओ सदर महेश कुमार ने शहर में अपराध की घटनाओं को रोकने और बदमाशों के बारे में सुराग हासिल करने के लिए प्रयोग किया है। उन्होंने कैंट स्टेशन और उसके आसपास के पांच दर्जन से ज्यादा ऑटो चालकों को पुलिस मित्र बनाया है। कैंट स्टेशन पर देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। ताज 21 सितंबर से खुल रहा है। ऐसे में पर्यटकों की आमद शहर में बढ़ेगी। ऑटो चालक शहर के लगभग सभी हिस्सों में सवारियां लेकर जाते हैं। वह पर्यटकों को भी ताज समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर लेकर जाते हैं।शहर में कुछ ऑटो गैंंग भी सक्रिय हैं। जो कि सवारियों को बैठाने के बाद उन्हें लूट लेते हैं। सवारियों को जहरखुरानी कराने के बाद बेहेाश करके लूट लेते हैं। ऐसे में पर्यटन नगरी में ऑटो चालकों का अहम रोल है। वह इस तरह की घटनाओं के बारे में पुलिस को अहम सुराग दे सकते हैं। पर्यटकों के साथ होने वाली ठगी की घटनाएं भी इससे रुकेंगी। सीओ सदर इसके लिए कैंट स्टेशन और उसके आसपास के ऑटो चालकों को पुलिस मित्र बनाकर प्रयोग किया है। इसकी लगातार समीक्षा की जाएगी। अपराध की घटनाओं का कितना ग्राफ गिरा इसे देखा जाएगा। पुलिस मित्र बने ऑटो चालक लूट समेत अन्य घटनाओं को रोकने या सुराग देने में कितने कारगर साबित हुए, इसकी समीक्षा की जाएगी। सीओ सदर महेश कुमार ने बताया कि प्रयोग सफल होने पर इसे सर्किल के बाकी थानों में भी अपनाया जाएगा। वहां भी पुलिस मित्र बनाए जाएंगे।