Water Supply: आगरा में पानी के लिए 24 घंटे का इंतजार, आता है सिर्फ पांच मिनट ही
मंगलवार सुबह शहर के कई क्षेत्रों में 5 से 10 मिनट ही हुई जलापूर्ति। ठीक तरीके से जलापूर्ति ना होने से लोग हैं परेशान जल संस्थान नहीं कर रहा समस्या का समाधान। शहर के बड़े हिस्से में तीन साल बाद भी नहीं पहुंच पाया गंगाजल।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर के कई क्षेत्रों में पानी के लिए लोग 24 घंटे का इंतजार करना पड़ता है लेकिन आपूर्ति पांच से 10 मिनट ही होती है। यह स्थिति सप्ताह भर से बनी हुई है। शिकायतों के बाद भी जल संस्थान की टीम नहीं पहुंची है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 125 और सिकंदरा के दोनों प्लांट से 205 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। गुलाब नगर निवासी कंचन सिंह ने बताया कि पिछले 6 दिनों से सुबह और शाम 5-5 मिनट ही पानी आता है। ऐसा क्यों हो रहा है इसकी जानकारी के लिए जल संस्थान के अफसरों को फोन किया गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। यहां तक शिकायतों के बाद भी टीम भेजकर पाइप लाइन की जांच नहीं करवाई गई। विष्णु कुमार ने बताया कि आधा किलोमीटर की दूरी से पानी लाना पड़ रहा है। हैंडपंप में पानी भरने के लिए सुबह से लाइन लग जाती है। चाणक्यपुरी निवासी शिव शंकर बघेल ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन जलापूर्ति ठप रहती है। कभी पानी का प्रेशर कमजोर रहता है तो कभी 5 से 10 मिनट ही आपूर्ति होती है।
कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति
मंगलवार सुबह शहर के कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। इसमें प्रमुख रूप से पीपल मंडी, बाग मुजफ्फर खान, वजीरपुरा क्षेत्र शामिल हैं । शिकायतों के बाद दोपहर बाद इन क्षेत्रों में टीम जांच के लिए पहुंचेगी।
महाप्रबंधक बोले भेजी जाएगी टीम
जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव का कहना है कि जिन क्षेत्रों में 5 से 10 मिनट जलापूर्ति हो रही है। वहां जल्द ही टीम भेजकर जांच करवाई जाएगी।