National Highway in Agra: आगरा में सेंट कानरेड्स के सामने की सर्विस रोड बंद
National Highway in Agra एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम ने फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य किया तेज। दोनों तरफ की बन चुकी है अप्रोच रोड फिनिशिंग का कार्य बाकी। एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम ने सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की एक लेन की मरम्मत तेज कर दी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। यदि खंदारी चौाराहा से गुरुद्वारा गुरु का ताल की ओर सर्विस रोड होते हुए जाना चाहते हैं तो पहले ये खबर पढ़ लें। नेशनल हाईवे-19 स्थित सेंट कानरेड्स इंटर कालेज के सामने की सर्विस रोड बंद हो गई है। सर्विस रोड को आइएसबीटी फ्लाईओवर की अप्रोच रोड से जोड़ा जा रहा है। यह कार्य दो सप्ताह तक चलेगा। ऐसे में खंदारी से कानरेड्स की तरफ आने वाले वाहन सीधे नहीं गुजर सकेंगे।
आइएसबीटी के सामने जाम की समस्या को देखते हुए फ्लाईओवर बन रहा है। दोनों तरफ की अप्रोच रोड बनकर तैयार हो गई है। सिर्फ फिनिशिंग होना बाकी रह गया है। मुख्य फ्लाईओवर के हिस्से पर अब तेजी से काम चल रहा है। यह 32 करोड़ रुपये से बन रहा है। वर्ष 2022 तक निर्माण की तिथि रखी गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआइ) मथुरा खंड के एक अधिकारी ने बताया कि कोविड काल में भी फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य बंद नहीं किया गया है। कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए कार्य को तेजी से पूरा करने पर ध्यान दिया गया।
सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की एक लेन की मरम्मत
एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम ने सिकंदरा सब्जी मंडी अंडरपास की एक लेन की मरम्मत तेज कर दी है। रुनकता से सिकंदरा की तरफ की लेन धंस गई थी। इसके चलते इसे बंद कर दिया गया। सभी वाहन सर्विस रोड से होकर गुजर रहे हैं। एनएचएआइ मथुरा खंड के एक अधिकारी ने बताया कि आठ से दस दिनों के भीतर कार्य पूरा हो जाएगा। जल निकासी न होने के कारण अंडरपास की दोनों लेन पर जलभराव होता है।