Night Curfew: आज से आगरा में 11 घंटे का होगा नाइट कर्फ्यू, जानिए क्या रहेंगे नियम
Night Curfew एक्टिव केस दो हजार से अधिक होने पर डीएम प्रभु एन सिंह ने समय में किया बदलाव। शनिवार तक रात नौ से सुबह छह बजे तक था। रेलवे स्टेशन या फिर बस अड्डे जाने वाले लोग भी आसानी से जा सकेंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोविड की दूसरी लहर थमने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन दो से तीन मरीजों की मौत हो रही है और चार सौ से लेकर साढ़े चार सौ तक नए मरीज सामने आ रहे हैं। इसके चलते सोमवार से नाइट कर्फ्यू का समय बदल गया है। अब नाइट कर्फ्यू नौ घंटे के बदले 11 घंटे का होगा।
प्रदेश सरकार की गाइड लाइन के अनुसार नाइट कर्फ्यू नौ बजे से लेकर सुबह छह बजे तक लागू रहता था लेकिन अगर किसी जिले में एक्टिव केस दो हजार से अधिक हैं तो नाइट कर्फ्यू आठ बजे से सुबह सात बजे तक होगा। रविवार को आगरा में एक्टिव केस की संख्या 2288 पहुंच गई। इसके चलते नाइट कर्फ्यू के समय में बदलाव का निर्णय लिया गया। साथ ही दो घंटे भी बढ़ गए हैं।
इमरजेंसी सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर
नाइट कर्फ्यू का असर इमरजेंसी सेवाओं पर नहीं पड़ेगा। रेलवे स्टेशन या फिर बस अड्डे जाने वाले लोग भी आसानी से जा सकेंगे। बशर्ते उन्हें अपने साथ यात्रा का टिकट रखना होगा।
सात से साढ़े सात बजे तक बंद करने होंगे बाजार
सोमवार से नाइट कर्फ्यू आठ बजे से शुरू होगा। ऐसे में बाजारों को शाम सात से साढ़े सात बजे तक बंद करना होगा जिससे दुकानदार आसानी से घर पहुंच जाएं।
आगरा में कोविड संक्रमण की स्थिति
कुल एक्टिव केस, 2288
कुल पाजिटिव केस, 13528
रविवार को कुल निकले केस, 448
कुल मरीजों की मौत, 192
कुल सैंपलिंग, 686157
क्योर रेट, 81.67 फीसद
फेटेलिटी रेट, 1.42 फीसद
सैंपल पाजिटिविटी रेट, 1.97 फीसद
अप्रैल में सैंपल्स पाजिटिविटी, 7.26 फीसद
सोमवार से नाइट कर्फ्यू आठ बजे से लेकर मंगलवार सुबह सात बजे तक रहेगा। दुकानदारों से अपील है कि इससे पूर्व दुकानों को बंद कर घर पहुंच जाएं।
प्रभु एन सिंह, डीएम