Mega Agriculture Fair: कृषि मंत्री बोले, बटेश्वर में हर साल लगेगा कृषि मेला, नाम होगा अटल कृषि मेला
Mega Agriculture Fair खेती को उन्नत बनाने और किसानों को उन्नति की ओर ले जाने के लिए बटेश्वर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन हो रहा है। शनिवार को मेले का शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। बटेश्वर में अब से हर वर्ष कृषि मेला लगा करेगा, जिसका नाम होगा अटल कृषि मेला। आगरा के किसानों से ये वादा किया है कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने। बटेश्वर में आयोजित विशाल कृषि मेला का कृषि मंत्री ने उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दस किसानों को कृषि यंत्र पर पचास फीसद अनुदान मिला है। मोदी और योगी की सरकार किसान,मजदूर, गरीब के हित में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हर साल छह हजार किसानों के खाते में पहुंच रही है। किसान के अनाज का मूल्य चार सौ रुपये बढ़ा है। किसान ऋण योजना,एवं बीज पर पचास फीसद अनुदान मिल रहा है।
खेती को उन्नत बनाने और किसानों को उन्नति की ओर ले जाने के लिए बटेश्वर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन हो रहा है। शनिवार को मेले का शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। तीन दिवसीय विराट कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में विभिन्न कृषि संबंधित विभाग अपनी स्टाल लगाइ हैं। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र और दूसरे स्थानों के कृषि विशेषज्ञ किसानों को सह फसल, मेड़ पर पेड़ लगाने के फायदे, फसल चक्र और पशुपालन के महत्व के बारे में समझा रहे हैं। इसके साथ ही मत्स्य पालन के लिए भी किसानों को प्रेरित किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी डा. रामप्रवेश ने बताया कि छह से आठ मार्च तक आयोजित होने वाले मेले में विभागीय मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। सरकार चाहती है कि किसानों की आय दोगुनी हो और वे देश को विकास की ओर ले जाने की प्रमुख कड़ी बनें। कृषि मेले में किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है। वे कम पानी में बेहतर उत्पादन, स्थानीय मृदा की स्थिति के अनुसार कौन सी फसल करनी है, ये सब जानकारी दे रहे हैं। किसानों को विभिन्न योजनाओं, उत्पादों की जानकारी देने के लिए स्टाल लगाइ गइ हैं। इसके साथ ही किसानों को जैविक उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।