Bomb Threat in Taj Mahal: ताज में बम की सूचना देने वाला मानसिक रोगी चेतावनी देकर छोड़ा गया
Bomb Threat in Taj Mahal गुरुवार को ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी देकर विमल ने सनसनी फैला दी थी। दो घंटे तक खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मची रही। ताजमहल से पर्यटकों को बाहर निकालकर गेट बंद कर लिए गए। इसके बाद सघन चेकिंग अभियान चला।
आगरा, जागरण संवाददाता। गुरुवार को ताजमहल पर बम की सूचना देकर पूरे महकमे में खलबली मचा देने वाले विमल को पुलिस ने निजी मुचलके पर छोड़ दिया है। शुक्रवार को विमल को उसके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। विमल दस वर्षाें से मानसिक रोगी था। इसकी पूरी पुष्टि करने के बाद ही पुलिस ने उसे छोड़ दिया है।
गुरुवार को ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी देकर विमल ने सनसनी फैला दी थी। दो घंटे तक खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मची रही। ताजमहल से पर्यटकों को बाहर निकालकर गेट बंद कर लिए गए। इसके बाद सघन चेकिंग अभियान चला। दो घंटे बाद पर्यटकों को ताज में प्रवेश दिया गया। पुलिस ने कंट्रोल रूम में काल करके धमकी देने वाले विमल को फीरोजाबाद से गिरफ्तार कर लिया था। उससे मोबाइल भी बरामद कर लिया। दरअसल ताजमहल रोजाना की तरह गुरुवार सुबह खुल गया था। पर्यटक भी प्रवेश कर चुके थे। सुबह साढे सात बजे यूपी 112 के कंट्रोल रूम में एक अंजान नंबर से काल आई। काल करने वाले ने कहा कि सेना की भर्ती कैंसिल हो गई है। युवा बहुत समय तैयारी करते हैं, तब नंबर आता है। मैं ताजमहल और रामतेज हास्पिटल को बम से उड़ा दूंगा। दोनों स्थानों पर बम रखा है। रोक सको तो रोक लो। उसने अपनी लोकेशन राजामंडी बताई थी। सर्विलांस टीम ने काल करने वाले की मोबाइल से लोकेशन चेक की तो वह फीरोजाबाद की आ रही थी।फीरोजाबाद पुलिस की मदद से नारखी के मदनपुर गांव से आरोपित विमल कुमार सिंह को पकड़ लिया गया।विमल कुमार मूल रूप से कासगंज के पटियाली में राजा रिजौला गांव का रहने वाला है। मदनपुर में उसकी ननिहाल है। वह मानसिक रोगी है। करीब दस वर्ष से उसका इलाज चल रहा है। विमल दिल्ली एम्स, सूरत, बरेली और फतेहगढ़ में इलाज के बाद पिछले दिनों वह आगरा में शमसाबाद रोड स्थित रामतेज हास्पिटल में दवा लेने आया था। अब उसका डा. विजय खुराना का इलाज चल रहा है।