Hunger Strike: आगरा में PAPA का चला रातभर विरोध प्रदर्शन, अभिभावक भी दे रहे साथ
Hunger Strike भूख हड़ताल कर मांग रहे हैं न्याय। पापा संस्था के साथ अभिभावकों का विरोध प्रदर्शन। कलक्ट्रेट के गेट पर बैठकर रातभर की भूख-हड़ताल। शासनादेश न मानने पर स्कूलों पर कार्रवाई की जाए। संस्था को कई किसान संगठन समेत कई संस्थाओं का समर्थन भी मिला।
आगरा, जागरण संवाददाता। स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों की आवाज उठाने के लिए प्रोग्रेसिव आगरा पेरेंट्स एसोसिएशन (पापा) संस्था ने रविवार से भूख-हड़ताल शुरू कर दी। कलक्ट्रेट के गेट पर धरना देते हुए संस्था सदस्य अभिभावकों को स्कूलों की मनमानी से न्याय दिलाने की गुहार लगा रहे हैं।
पापा संस्था का यह धरना रविवार दोपहर तीन बजे शुरू हुआ। शुरुआत में भले कुछ भी अभिभावक जुटे, लेकिन बाद में अभिभावकों की भी काफी संख्या जुटना शुरू हो गई। प्रदर्शन पूरी रात चला और अभिभावक सर्द रात में खुले आसमान के नीचे धरना और भूख-हड़ताल करते रहे। अभिभावकों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें मनाने और हटाने की लाख मिन्नतें की, लेकिन अभिभावकों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब आश्वासन से कुछ नहीं होगा, उन्हें स्कूलों की मनमानी से निजात चाहिए।
रात में जुटाए रजाई-गद्दे
अभिभावक भूख-हड़ताल पर तो बैठ गए, लेकिन प्रदर्शन रातभर भी जारी रहा। अभिभावकों को समर्थन देने लोग पहुंचें, तो स्थिति समझते हुए प्रशासन ने तुरंत उनके लिए रजाई-गद्दे और चाय आदि का प्रबंध किया, ताकि किसी को असुविधा न हो, क्योंकि मुश्किल समय में परेशान अभिभावकों से सभी की सहानुभूति है।
यह हैं मांग
सभी की मांग थी कि सेंट मेरी व सेंट थामस समेत जिले के सभी स्कूलों के आनलाइन शिक्षण ग्रुप से निकाले गए विद्यार्थियों को दोबारा जोड़ा जाए। उनकी छूट चुकी परीक्षा बिना शर्त ली जाएं और जिला शुल्क नियामक समिति को दिए प्रार्थनापत्र पर जारी विभागीय आदेश अमल में लाए जाएं। आनलाइन-आफलाइन, दोनों प्रकार से शिक्षा जारी रखी जाए। शासनादेश न मानने पर स्कूलों पर कार्रवाई की जाए। संस्था को कई किसान संगठन समेत कई संस्थाओं का समर्थन भी मिला।