Acid Attack: आगरा में गोवंश पर एसिड अटैक, सुराग देने वाले को 1.51 लाख रुपये का इनाम
Acid Attack सिकंदरा क्षेत्र में गायों व गोवंश पर केमिकल डालकर जलाने का है मामला। दहतोरा इलाके में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं लोगों में आक्रोश। गोवंश पर एसिड अटैक की पूर्व में भी घटना हो चुकी हैं।तब भी कई गाय और गोवंश इसी तरह से झुलस गए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के सिकंदरा इलाके में गायों पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है।बेजुबान पशु के साथ क्रूरता से इलाके के लोगों में आक्रोश है। वहीं हिंदूवादी संगठन ने गायों को एसिड अटैक करने वाले का सुराग देने वाले को एक लाख 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहताेरा का है। किसी अराजक तत्व ने एक गोवंश पर एसिड फेंक दिया। इससे गाेवंश का पूरा चेहरा बुरी तरह से झुलस गया था। गोवंश को असहनीय पीड़ा होने पर वह पूरे गांव में भटक रही थी। गोवंश की हालत देख गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। जानकारी होने पर हिंद युवा क्रांति संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए।संगठन के पदाधिकारी डाक्टर चंद्रभान शर्मा आदि ने गोवंश का किसी तरह इलाज किया।
इलाके के लोगों ने बताया कि गोवंश पर एसिड अटैक की पूर्व में भी घटना हो चुकी हैं। तब भी कई गाय और गोवंश इसी तरह से झुलस गए थे। उस समय भी इसे करने वाले अराजक तत्व का पता लगाने का प्रयास किया गया था। इसे लेकर इंटरनेट मीडिया की भी मदद ली गई थी। मगर, आरोपितका पता नहीं लग सका था। मंगलवार को दोबारा इस तरह की घटना सामने आने के बाद से लोगों को शक है कि सब किसी अराजक तत्व द्वारा साजिश के तहत किया जा रहा है। हिंद युवा क्रांति संगठन के पदाधिकारी रवि शर्मा बताया गोवंश पर एसिड अटैक करने वाले का सुराग देने वाले काे एक लाख 51 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। जानकारी देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।