Jones Mill Case: अब आगरा के इन दो अपार्टमेंट पर लटकी कार्रवाई की तलवार, जानिए क्या है कारण
Jones Mill Case यमुना व्यू और ओंकार अपार्टमेंट के खिलाफ एडीए ले सकता है एक्शन। जीवनी मंडी रोड के किनारे हैं दोनों अपार्टमेंट। एडीए ने जिला प्रशासन को भेजा नक्शा। यमुना व्यू का नक्शा पांच साल और ओंकार चार साल पूर्व पास हुआ है। ओंकार अपार्टमेंट सील है।
आगरा, जागरण संवाददाता। जीवनी मंडी रोड स्थित यमुना व्यू और ओंकार अपार्टमेंट पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। दोनों का नक्शा रद हो सकता है। एडीए ने जिला प्रशासन को दोनों अपार्टमेंट का नक्शा भेज दिया है। दोनों ही अपार्टमेंट जोंस मिल की जमीन पर हैं।
जिला प्रशासन जोंस मिल की जमीन की वापसी में लगा हुआ है। दस खसरों में निर्माण और क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। खसरा नंबर 1739 में दोनों अपार्टमेंट आते हैं। यमुना व्यू का नक्शा पांच साल और ओंकार चार साल पूर्व पास हुआ है। ओंकार अपार्टमेंट सील है। वहीं तीनों पेट्रोल पंपों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
एसीएम प्रथम भी कमेटी में शामिल
जोंस मिल की जमीनों के प्रार्थना पत्रों की सुनवाई तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। कमेटी में एसीएम प्रथम विनोद कुमार को भी शामिल किया गया है। डीएम के आदेश पर एडीएम प्रोटोकाल पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है जिसमें एसीएम द्वितीय विमल कुमार शामिल हैं।
जमीन वापसी की तैयारी में जुटा नगर निगम
जोंस मिल में नगर निगम जमीन वापसी की तैयारी में जुट गया है। पांच हेक्टेअर से अधिक जमीन है। गुरुवार को अफसरों की बैठक हुई। जमीन किस तरीके से खाली होगी। इसकी प्लानिंग बन रही है।
नजूल भूमि खाली कराने का प्रयास, मुकदमा दर्ज
जिला प्रशासन ने नाई की मंडी में नजूल भूमि खाली कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। जमीन कब्जाने पर मोहर सिंह धाकड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। गुरुवार दोपहर पुलिस-प्रशासन और टोरंट कंपनी की टीम पहुंची। बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। कनेक्शन काटने पर हंगामा हुआ। एडीएम प्रोटोकाल पुष्पराज सिंह ने बताया कि नजूल भूखंड संख्या 844 में 340.18 वर्ग मीटर जमीन है। जिस पर मोहर सिंह ने कब्जा कर लिया है।
- जोंस मिल की जमीन राज्य सरकार की है। जिसकी वापसी के लिए हर कदम उठाया जा रहा है।
प्रभु एन सिंह, डीएम